खबर शहर , Agra News: स्कूल के बगल के तालाब में मगरमच्छ से दहशत – INA

बाह। खेड़ा राठौर के गुमानसिंह पुरा गांव के परिषदीय प्राथमिक विद्यालय के बगल के तालाब में सोमवार को मगरमच्छ दिखा था। सोशल मीडिया पर तालाब में विचरण करते मगरमच्छ का वीडियो वायरल होने पर स्कूल पढ़ने जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीण चिंतित हो उठे हैं। तालाब में मगरमच्छ की दहशत के बीच मंगलवार को बाह के रेंजर कुलदीप सहाय पंकज के नेतृत्व में वन विभाग की टीम रेस्क्यू के लिए पहुंची।
वन दरोगा राहुल जादौन, पंकज सिंह, वन्यजीव रक्षक योगेन्द्र सिंह, पुनीत कुमार, टिंकू आदि ने बताया कि मगरमच्छ को रेस्क्यू किए जाने के लिए तालाब को खाली कराया जा रहा है। बस्ती और स्कूल के रास्ते पर नोटिस चस्पा किए गए हैं। पुलिस के साथ वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को जागरूक किया। तालाब के पास जाने से बचने के साथ ही पशुओं को भी दूर रखे जाने की हिदायत दी। ग्रामीणों ने बताया कि तालाब के रास्ते ही बच्चे पढ़ने के लिए स्कूल जाते हैं। तालाब के तीन किनारे पर बस्ती और घर हैं। हमले के डर ने रात की नींद एवं दिन का चैन छीन लिया है। ग्राम प्रधान सत्यराम बघेल ने बताया ट्रैक्टर का पंपसेट लगवा कर तालाब को खाली कराया जा रहा है।
गुमानसिंह पुरा गांव में स्कूल के बगल के तालाब में मगरमच्छ होने पर तालाब खाली कराया जा रहा है। ग्रामीणों को जागरूक किया है। तालाब के आस पास नोटिस चस्पा किए हैं। तालाब खाली होने पर मगरमच्छ को रेस्क्यू किया जाएगा।- कुलदीप सहाय पंकज, क्षेत्रीय वन अधिकारी, चंबल सेंक्चुअरी रेंज, बाह