बदायूं जिले में सीजन का पहला कोहरा ही जानलेवा साबित हो रहा है। इस कोहरे में मंगलवार सुबह एक प्रभारी प्रधानाध्यापक की हादसे में जान चली गई। वह बाइक से विद्यालय जा रहे थे। अलापुर-उसावां मार्ग पर कुलचौरा गांव के पास विपरीत दिशा से आ रहे अज्ञात वाहन से उनकी टक्कर हो गई। एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी पर बीएसए और तमाम शिक्षक जिला अस्पताल पहुंच गए।
मंगलवार को सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ था। 10 मीटर दूर का मार्ग भी ठीक से दिखाई नहीं दे रहा था। उसावां क्षेत्र के गांव अजदरमई निवासी संतोष सिंह (50) शहर के मोहल्ला शिवपुरम में रह रहे थे।
विपरीत दिशा से आ रहे वाहन ने मारी टक्कर
अलापुर क्षेत्र के गांव विशनपुरी के संविलियन विद्यालय में वह प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात थे। मंगलवार सुबह आठ बजे घने कोहरे के बीच वह बाइक से अपने विद्यालय के लिए जा रहे थे। जैसे ही वह कुलचौरा गांव के पास पहुंचे तो उनकी बाइक विपरीत दिशा से आ रहे अज्ञात वाहन से टकरा गई।
बरेली सड़क हादसा: एक-दूसरे पर जान छिड़कते थे दोनों दोस्त, साथ ही तोड़ा दम; मौत की खबर सुन रो पड़े लोग
हादसे में शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शिक्षक को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेज दिया। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शिक्षक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
Credit By Amar Ujala
Follow Us