दुश्मनों को जवाब देना जानती है भारतीय सेना: रेखा गुप्ता:सीएम बोलीं- भारत पर हमला करने से पहले सौ बार सोचते हैं पड़ोसी देश- INA NEWS

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को कहा कि भारतीय सेना ने साबित कर दिया है कि देश या उसके सैनिकों की ओर आंख उठाने वालों को उनके घर में घुसकर जवाब दिया जा सकता है। ऑपरेशन सिंदूर, सर्जिकल स्ट्राइक और बालाकोट एयर स्ट्राइक भारतीय सेना के पराक्रम के उदाहरण हैं। अब पड़ोसी देश भारत पर हमला करने से पहले सौ बार सोचते हैं। मुख्यमंत्री तालकटोरा स्टेडियम में श्री कृष्ण यादव महासभा की ओर से आयोजित ‘रेजांग ला शौर्य एवं यदुकुल सम्मान दिवस’ समारोह को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि पहले देश पर हमला होने के बावजूद सेना को दिल्ली से अनुमति का इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सैनिकों को आधुनिक हथियार और तकनीकी उपकरण उपलब्ध करा रहे हैं। सेना चौबीसों घंटे सीमाओं की रक्षा करती है, तभी देशवासी चैन की नींद सो पाते हैं। मुख्यमंत्री ने 1962 के भारत-चीन युद्ध में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि रेजांग ला का शौर्य देशभक्ति, साहस और सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है। राष्ट्र इन वीरों का सदैव ऋणी रहेगा। उन्होंने शहीदों के परिवारों और प्रतिनिधियों की मांगों को उचित स्तर तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद अरुण सिंह, भाजपा उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष राजेश यादव और हरियाणा विधानसभा की पूर्व उपाध्यक्ष संतोष यादव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। रेजांग ला में 114 जवानों ने दिया था सर्वोच्च बलिदान 18 नवंबर 1962 को लद्दाख के रेजांग ला में मेजर शैतान सिंह के नेतृत्व में 13 कुमाऊं रेजिमेंट की चार्ली कंपनी ने चीनी सेना का डटकर मुकाबला किया था। भीषण ठंड के बीच 114 जवान शहीद हुए। मेजर शैतान सिंह को मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया।

Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |

Back to top button