भास्कर अपडेट्स:महाराष्ट्र के ठाणे में पेड़ से लटका मिला व्यक्ति का शव- INA NEWS

महाराष्ट्र के ठाणे में 23 साल के प्रवीण वानखेड़े नाम के युवक का शव सोमवार सुबह शिवाई नगर इलाके में पेड़ से लटका मिला। ठाणे के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तडवी ने बताया कि घटना की जानकारी सुबह 8.42 बजे मिली थी। आज की अन्य बड़ी खबरें… चेन्नई एयरपोर्ट पर अबू धाबी जाने वाली फ्लाइट के विंग्स में लगी आग, 280 यात्री सवार थे चेन्नई एयरपोर्ट पर अबू धाबी जाने वाली एक फ्लाइट के बाएं विंग आग लग गई। इसके बाद इसकी यात्रा रोक दी गई। एतिहाद की यह फ्लाइट सोमवार की रात करीब साढ़े 10 बजे उड़ान भरने की तैयारी कर रही थी, तभी पायलटों ने आग देख ली। अधिकारियों ने आगे बताया कि इसके बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से विमान से उतार लिया गया और किसी को कोई चोट नहीं आई। दमकल कर्मियों ने तुरंत आग बुझा दी और फ़्लाइट रद्द कर दी गई। इस मामले पर टिप्पणी के लिए एतिहाद एयरवेज़ से संपर्क नहीं हो सका। CM विजय ने पूरे TN में 717 शराब की दुकानें बंद करने का आदेश दिया तमिलनाडु के नव निर्वाचित मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने मंगलवार को पूरे राज्य में 717 खुदरा शराब की दुकानें बंद करने का आदेश दिया। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, इसके तहत अगले दो हफ्तों के भीतर पूजा स्थलों के पास की 276 दुकानें, शिक्षण संस्थानों के पास की 186 दुकानें और बस स्टैंड के पास की 255 दुकानें बंद कर दी जाएंगी। गुजरात की साबरमती जेल से कैदी फरार: हत्या और पॉक्सो के आरोप में उम्रकैद की सजा काट रहा था गुजरात की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली साबरमती केंद्रीय जेल से एक कैदी फरार हो गया। कुख्यात कैदी रमाभाई परमार हत्या और पॉक्सो के आरोप में आजीवन कैद की सजा भुगत रहा था। साबरमती केंद्रीय जेल में जेलर देवदत्तसिंह गोहिल ने शिकायत दर्ज कराई है कि जेल के बड़ा चक्कर यार्ड नंबर 4 में कुल 33 कैदी रखे गए थे। जब गिनती में केवल 32 कैदी पाए गए, तो पता चला कि रमाभाई परमार लापता है। जेल और आसपास तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन कैदी का कोई सुराग नहीं मिला। सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें परमार को जेल कर्मचारियों को चकमा देते हुए बड़ा चक्कर यार्ड से मेन गेट से बाहर निकलते देखा गया। श्रीनगर में आतंकियों के दो मददगार गिरफ्तार, इन OGW से पिस्तौल, 21 कारतूस और LeT पोस्टर बरामद श्रीनगर में पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से हथियार, गोला-बारूद और लश्कर-ए-तैयवा (LeT) के पोस्टर बरामद हुए हैं। यह कार्रवाई बाबा डेम इलाके में की गई, जहां पुलिस टीम ने बाइक सवार दो संदिग्धों को रोका था। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक पिस्तौल, तीन मैगजीन, 21 जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और 10 LeT पोस्टर मिले। आरोपियों की पहचान फैसल अहमद भट और फैसल अहमद गुरू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, फैसल अहमद भट मलपोरा हब्बा कदल का रहने वाला है, जबकि फैसल अहमद गुरू राजौरी कदल का निवासी है। अनंतनाग में मस्जिद-कम-दारुल उलूम में आग, 15 साल के छात्र की मौत; 3 घायल जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में सोमवार देर रात मस्जिद-कम-दारुल उलूम में आग लगने से 15 साल के छात्र की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य छात्र घायल हो गए। हादसा मट्टन चौक स्थित दरुल उलूम बाबा हैदर रेशी में हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, देर रात अचानक आग लगने से इमारत का बड़ा हिस्सा चपेट में आ गया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और छात्रों की मदद से काफी देर बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे में चार छात्र झुलस गए थे, जिन्हें इलाज के लिए जीएमसी अनंतनाग ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने बिलाल अहमद कुमार को मृत घोषित कर दिया। वह वर्डवान इलाके का रहने वाला था। बाकी तीन छात्रों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। महिला समृद्धि योजना: दिल्ली में 1 जून से शुरू होगा रजिस्ट्रेशन पोर्टल दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘महिला समृद्धि योजना’ लागू करने की तैयारी पूरी कर ली है। चुनाव के समय किए वादे को पूरा करते हुए सरकार आगामी 1 जून को योजना का आधिकारिक पंजीकरण पोर्टल लॉन्च करेगी। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2500 रुपए की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में इस योजना के लिए 5,100 करोड़ रुपए का आवंटन किया है। पीएम मोदी 15 मई से 5 देशों के दौरे पर, 4 यूरोपीय देश जाएंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 मई यानी गुरुवार से छह दिन के दौरे पर यूएई, नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली जाएंगे। विदेश मंत्रालय ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य व्यापार, निवेश, रक्षा, ग्रीन टेक्नोलॉजी और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना है। वे सबसे पहले यूएई जाएंगे, जहां राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मिलेंगे। इसके बाद नीदरलैंड, स्वीडन और नॉर्वे का दौरा करेंगे। नॉर्वे में वे 18-19 मई को तीसरे भारत-नॉर्डिक समिट में शामिल होंगे। दिल्ली: निर्माण व तोड़फोड़ साइटों पर हाई-डेंसिटी डस्ट स्क्रीन का इस्तेमाल जरूरी दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण और विशेष रूप से धूल के कणों पर नियंत्रण पाने के लिए दिल्ली सरकार ने सोमवार को एक बड़ा नीतिगत निर्णय लिया है। दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) द्वारा जारी नए निर्देशों के अनुसार, अब राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सभी निर्माण और तोड़फोड़ (सी एंड डी) साइट्स पर हाई-डेंसिटी डस्ट स्क्रीन का उपयोग अनिवार्य कर दिया गया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि निर्माण स्थलों पर इस्तेमाल होने वाले ग्रीन नेट की न्यूनतम मोटाई 100 जीएसएम (ग्राम प्रति वर्ग मीटर) होनी चाहिए। इससे पहले, साइट्स को ढकना तो अनिवार्य था, लेकिन नेट की गुणवत्ता के लिए कोई तकनीकी मानक तय नहीं थे, जिससे धूल रोकने के उपाय अक्सर कागजी साबित होते थे।
Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |



