यूपी – एएमयू: छात्राओं ने पैदल मार्च निकाल घेरा वीसी लॉज, सुविधाओं के वादे पूरे न होने पर जताई नाराजगी – INA

अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के इंदिरा गांधी हॉल में रह रही बीयूएमएस की छात्राओं ने शुक्रवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर वीसी लॉज का घेराव किया। छात्राएं इंदिरा गांधी हॉल से पैदल मार्च निकाल वीसी लॉज पहुंचीं और मुख्य गेट पर पोस्टर चस्पा कर यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।

छात्राओं ने पोस्टर में लिखा कि उन्हें कई मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक उन पर अमल नहीं किया गया। छात्राओं का कहना था कि हॉल में जरूरी सुविधाओं और व्यवस्थाओं को लेकर समस्याएं बनी हुई हैं। इन समस्याओं के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

वीसी लॉज के घेराव की सूचना मिलते ही प्रॉक्टर प्रो. मोहम्मद नवेद खान, डिप्टी प्रॉक्टर प्रो. इफ्फत असगर समेत प्रॉक्टोरियल टीम मौके पर पहुंच गई। प्रॉक्टर प्रो. नवेद खान ने बताया कि अधिकारियों ने छात्राओं से बातचीत कर उन्हें समझाने और उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाने का प्रयास किया। इसके बाद छात्राएं चली गईं।


Credit By Amar Ujala

Back to top button