Sports- टेटे टीम की गुहार: कोच को वापस लाओ; 40 हजार रुपये प्रति दिन वेतन पर तीन माह के लिए लौटेंगे कांस्टेटिनी -#INA

खेल मंत्रालय की ओर से टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (टीटीएफआई) के निलंबन के बाद इटली के कोच मासिमो कांस्टेंटिनी के अनुबंध पर मंडरा रहे संकट के बादल छंटते नजर आ रहे हैं। मई माह में मासिमो का टेबल टेनिस टीम से दो वर्ष का करार खत्म हो गया था। अब तक उनका नया अनुबंध सिरे नहीं चढ़ा है। उनके समर्थन में देश के शीर्ष पांच टेबल टेनिस खिलाड़ी उतर आए हैं।
दिया चिताले, श्रीजा अकुला, यशस्वनी, मानव ठक्कर और मानुष शाह ने अगले माह होने वाले एशियाई खेलों के लिए साई से मासिमो के अनुबंध की गुहार लगाई। टीटीएफआई निलंबित होने से साई ने तीन माह के लिए मासिमो को अनुबंधित करने की तैयारी कर ली है। उन्हें एक सितंबर से तीस नवंबर तक लगभग 40 हजार रुपये प्रति दिन के वेतन पर अनुबंधित किया जा रहा है। 2009 से मासिमो के साथ यह चौथा अनुबंध होगा।
मई माह में खत्म हुआ था अनुबंध
मानव व मानुष मासिमो की कोचिंग में बीते माह विश्व नंबर-2 रैंकिंग तक पहुंचे थे। मई में अनुबंध खत्म होने पर इटली लौटे मासिमो अब तक वापस नहीं आए हैं, पर उन्हें भारतीय टीम से जोड़ा जा रहा है। स्वीडन में यूरोप स्मैश टूर्नामेंट में भी मासिमो भारतीय टीम संग दिखे थे। अब अलमाटी भी भेजने की तैयारी है, पर वह टीम से भारत में तभी जुड़ सकते हैं जब उनका नए सिरे से अनुबंध चढ़ेगा।
36 लाख में सिरे चढ़ेगा अनुबंध…
5 खिलाडि़यों ने टॉप्स के जरिये मिशन ओलंपिक सेल को मासिमो को अनुबंधित करने का प्रस्ताव दिया। मासिमो को तीन माह के लिए जोड़ने पर 36 लाख रुपये का खर्च आएगा, जिसे साई उठाएगा।