यूपी – जयपुर में हादसा: नींव के गड्ढे में डूबकर बरेली के भाई-बहन की मौत, परिवार में मचा कोहराम – INA

राजस्थान के जयपुर के जयसिंहपुरा खोर क्षेत्र के मानपुर सड़वा में मकान की पांच फुट गहरी नींव में भरे पानी में डूबकर आलिया (9) और मोहम्मद अयान (5) की मौत हो गई। दोनों सगे भाई-बहन बरेली के हाफिजगंज क्षेत्र के गांव लाड़पुर उस्मानपुर के मूल निवासी थे। शुक्रवार को उनको पैतृक गांव में सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
गांव के लियाकत हुसैन ने बताया कि वह पत्नी रजिया और बच्चों आलिया व अयान के साथ जयपुर में रहकर मजदूरी करते हैं। वह मानपुर सड़वा इलाके की रसीद विहार कॉलोनी में किराये पर रहते हैं। पड़ोस में मकान की नींव के लिए जेसीबी से पांच फुट गहरा गड्ढा खोदा गया था। बुधवार को हुई तेज बारिश से उसमें पानी भर गया था।
लियाकत के मुताबिक, आलिया और मोहम्मद अयान बृहस्पतिवार दोपहर निर्माणाधीन मकान के पास खेल रहे थे। इस दौरान दोनों पानी भरे गड्ढे में गिर गए। देर तक बच्चे नहीं दिखे तो परिजन ने आसपास तलाशा। 40-50 मिनट बाद बच्चों की चप्पलें उतराती दिखीं।