बरेली-मथुरा हाईवे के चौथे चरण में बरेली से बदायूं तक 38.5 किलोमीटर लंबे मार्ग का चौड़ीकरण 1527 करोड़ रुपये की लागत से मंजूर हुआ है। प्रारंभिक आकलन के मुताबिक जमीन अधिग्रहण और परिसंपत्तियों के बदले मुआवजा देने पर 400 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। बरेली में 20 तथा बदायूं जिले में 13 गांवों के किसानों की जमीन का अधिग्रहण होना है। इन गांवों के किसानों को मुआवजे का इंतजार है।
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने 18 अक्तूबर को एक्स पर मंजूरी की जानकारी दी थी। एक महीने से ज्यादा हो गया है, लेकिन अभी तक किसी परिसंपत्ति के मूल्यांकन और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई। एनएचएआई के परियोजना निदेशक उत्कर्ष शुक्ला ने लोक निर्माण विभाग के बरेली और बदायूं खंड को मूल्यांकन रिपोर्ट भेजी है। सत्यापन पीडब्ल्यूडी के अभियंताओं को करना है, लेकिन बरेली-सितारगंज हाईवे के मूल्यांकन का सत्यापन करने के बाद हुई कार्रवाई का भय अभियंताओं में है।
हर पहलू पर होगी जांच
अभियंता हर पहलू पर जांच करना चाहते हैं ताकि भविष्य में कोई परेशानी न आए। वहीं जब तक मूल्यांकन और सत्यापन पूरा नहीं होता है तब तक भुगतान अटका रहेगा। वहीं बदायूं से लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अधिशासी अभियंता नरेश कुमार का कहना है कि अभी तक मूल्यांकन के सत्यापन के लिए कोई रिपोर्ट उनके पास तक नहीं आई है, अगर रिपोर्ट मिलती है तो सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कराएंगे।
Credit By Amar Ujala
Follow Us