सीजी- GPM News: स्कूल जा रही छात्रा के जबरन अपहरण का प्रयास, बाइक से जंगल ले जाते समय भाग निकली किशोरी, मामला दर्ज – INA

जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र में स्कूल जा रही 17 वर्षीय छात्रा को जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर जंगल की ओर ले जाने का मामला सामने आया है। छात्रा की शिकायत पर पेंड्रा पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार छात्रा ने शिकायत में बताया कि वह अपनी सहेली के साथ पैदल स्कूल की ओर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में विक्की मरावी नामक युवक ने उसका रास्ता रोक लिया और अपने साथ चलने का दबाव बनाने लगा। छात्रा का आरोप है कि आरोपी ने गाली-गलौज की, थप्पड़ मारे और जान से मारने की धमकी देते हुए जबरन उसे अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। विरोध करने के बावजूद आरोपी उसे मटियाडाड़ के जंगल की ओर ले जाने लगा।
ये भी पढ़ें: Durg-Bhilai: शेयर ट्रेडिंग में दोगुना मुनाफे का झांसा, रिटायर्ड जीएम को 49 लाख का चूना लगाकर बंद किया फर्जी एप
छात्रा ने बताया कि मटियाडाड़ जंगल के पास मोटरसाइकिल की रफ्तार धीमी होने पर वह किसी तरह उतरकर भाग निकली। इसके बाद उसने पास के एक घर से मोबाइल लेकर अपने माता-पिता को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे सुरक्षित घर ले गए।
इसके बाद छात्रा अपने पिता के साथ पेंड्रा थाने पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पेंड्रा पुलिस ने आरोपी विक्की मरावी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर . की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।