यूपी – शर्मनाक: तिरपाल के नीचे हुआ होमगार्ड का अंतिम संस्कार, चिता को बारिश से बचाने को तिरपाल ताने खड़े रहे लोग – INA

हाथरस जंक्शन की रम नगला पंचायत के गांव धौलाकुआं में होमगार्ड के शव का अंतिम संस्कार करने के लिए परिवार को बारिश रुकने का इंतजार करना पड़ा। टिनशेड न होने के कारण ग्रामीण करीब डेढ़ घंटे तक तिरपाल लिए चिता को भीगने से बचाते रहे। बारिश थमने के बाद बेटे ने मुखाग्नि दी। अव्यवस्था पर ग्रामीण प्रशासन व जनप्रतिनिधियों को कोसते नजर आए।
होमगार्ड हरी सिंह (52) हाथरस में तैनात थे। रात को ड्यूटी करने के बाद बृहस्पतिवार की सुबह वह घर आए थे। आराम करने के दौरान अचानक उनकी मौत हो गई थी। परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। पोस्टमार्टम के बाद बृहस्पतिवार शाम को परिजन शव घर लेकर पहुंचे। घर से श्मशान पर पहुंचते ही बारिश शुरू हो गई।
ग्रामीणों ने आनन-फानन तिरपाल की व्यवस्था की। तिरपाल के नीचे ही चिता लगाई गई। बारिश थमने तक ग्रामीण तिरपाल लेकर चिता को बचाने में जुटे रहे। बेटे जयदेव ने बताया कि गांव में श्मशान नहीं है। रम नगला में श्मशान है, लेकिन उसके लिए रेलवे लाइन पार करनी पड़ती है। कई साल से लोग ढकपुरा-दादनपुर की जमीन पर अंतिम संस्कार करते आ रहे हैं। अब यह क्षेत्र नगर पालिका परिषद हाथरस की सीमा में आ गया है। इस श्मशान पर केवल धौलाकुआं के लोग ही अंतिम संस्कार करते हैं। ग्रामीण व नगरीय क्षेत्र के बीच मामला फंसने के कारण इस श्मशान का विकास नहीं हो पा रहा।