खबर शहर , Agra News: रियल एस्टेट में रकम दोगुनी होने का सपना दिखाकर करोड़ों की ठगी – INA

आगरा। रियल एस्टेट में निवेश पर 15 से 30 माह में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर करोड़ों रुपयों की ठगी की गई। छह निवेशकों ने संजय प्लेस स्थित एसबीएनएल वर्ल्ड के पांच निदेशकों और साझीदारों के खिलाफ एकता थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

शिकायतकर्ताओं ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2023 में एसबीएनएल वर्ल्ड के कार्यालय में कंपनी के निदेशकों और साझीदारों ने दावा किया था कि उनकी कंपनी रियल एस्टेट में निवेश करती है। निवेशकों की रकम 15, 18 या 30 माह में दोगुनी कर लौटाती है। इस भरोसे पर कई लोगों ने अपनी जमा पूंजी और कुछ ने व्यक्तिगत ऋण लेकर भी निवेश किया।

समय पूरा होने के बाद जब निवेशकों ने अपनी रकम मांगी तो कंपनी के संचालकों ने रियल एस्टेट में पैसा फंसा होने का हवाला देकर भुगतान टाला। 5 जनवरी को आरोपियों ने भुगतान से साफ मना कर दिया और अभद्र व्यवहार किया। छह निवेशकों ने करीब 1.10 करोड़ रुपये निवेश करने का दावा किया है। निवेशकों में शिक्षक भी शामिल हैं।

इन पर लगे हैं आरोप

कंपनी के सत्यप्रकाश तित्तल, युवराज सिंह, राहुल सोनी, विक्रांत तित्तल, विशाल पर फर्जी दस्तावेज तैयार करने, साजिश कर धोखाधड़ी करने और निवेश की रकम हड़पने का आरोप लगा है।

इन्होंने किया निवेश

पूजा 3 लाख, सतीश चंद्र 26.50 लाख, रविंद्र कुमार राजन 36.50 लाख, राजवीर 15.10 लाख, राजेश कुमार 21 लाख

और विजय पाल सिंह 8 लाख रुपये।

साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई

– शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में निवेश संबंधी दस्तावेज, एग्रीमेंट, भुगतान के रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों का परीक्षण कर उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। – सय्यद अली अब्बास, डीसीपी सिटी


Credit By Amar Ujala

Back to top button