यूपी – नकल का खुलासा: कान में डिवाइस, अंडरवियर में ब्लूटूथ… छह लाख में परीक्षा पास कराने का सौदा; आरोपी गिरफ्तार – INA

आजमगढ़ में यूपीएसएसएससी प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी की मुख्य परीक्षा में अभ्यर्थी को नकल कराकर पास कराने की साजिश में शामिल अंतरजनपदीय नकल माफिया गिरोह के सदस्य वीरेंद्र कुमार राय उर्फ बाबू को शहर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, गिरोह ने अभ्यर्थी को परीक्षा में पास कराने के लिए छह लाख रुपये में सौदा तय किया था। परीक्षा के दौरान हियरिंग डिवाइस और ब्लूटूथ डिवाइस के जरिये बाहर से प्रश्नों के उत्तर उपलब्ध कराने की तैयारी थी।

शहर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि नौ अगस्त को शिब्ली नेशनल इंटर कॉलेज में यूपीएसएसएससी प्राविधिक मुख्य परीक्षा के दौरान ब्लॉक-ए के कक्ष में परीक्षा दे रहे वाराणसी के जंसा थाना क्षेत्र के भड़ाव गांव निवासी आलोक पटेल की गतिविधियां संदिग्ध मिली थीं।

तलाशी लेने पर उसके कान के अंदर हियरिंग डिवाइस और अंडरवियर में सिम व दो सेल बैटरी लगा ब्लूटूथ डिवाइस मिला था। गिरफ्तार आरोपी वाराणसी के जंसा थाना क्षेत्र के कुरौना सरौनी गांव निवासी वीरेंद्र कुमार राय ने पूछताछ में बताया था कि उसने परीक्षा में बाहर से उत्तर बताकर आलोक पटेल को पास कराने के लिए उपकरण उपलब्ध कराए थे।


Credit By Amar Ujala

Back to top button