सीजी- CG : स्वतंत्रता दिवस से पहले कबीरधाम में सुरक्षा कड़ी, होटल-ढाबों से लेकर आउटर इलाकों तक पुलिस की नजर – INA

स्वतंत्रता दिवस को लेकर कबीरधाम पुलिस ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। 15 अगस्त के राष्ट्रीय पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस ने गुरुवार देर रात तक विशेष चेकिंग और पेट्रोलिंग अभियान चलाया। होटल, ढाबे, बस स्टैंड, बाजार और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की नजर है। कवर्धा शहर में बीडीएस टीम और डॉग स्क्वॉड के साथ सघन जांच की गई। एडिशनल एसपी हेमसागर सिदार ने बताया कि जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रखा गया है। प्रमुख चौक-चौराहों, स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम स्थलों, बस स्टैंड, बाजार क्षेत्रों के साथ आउटर इलाकों में नियमित पेट्रोलिंग और संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है।
संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी
कवर्धा शहर में सिटी कोतवाली, महिला थाना, साइबर थाना और पुलिस लाइन के जवानों के साथ BDS टीम और डॉग स्क्वॉड को जांच में लगाया गया है। टीम होटल, लॉज, ढाबे और अन्य महत्वपूर्ण व संवेदनशील स्थानों की सघन तलाशी ले रही है। पुलिस संदिग्ध गतिविधियों और लावारिस वस्तुओं पर भी नजर बनाए हुए है।
शराबी ड्राइवरों की भी जांच
सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था को लेकर भी पुलिस ने सख्ती बढ़ाई है। शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों की जांच की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य नशे में वाहन चलाने से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना है। इसके अलावा अवैध शराब, गांजा और अन्य मादक पदार्थों की बिक्री और परिवहन रोकने के लिए संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच की जा रही है। आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- CG: स्कूल के लिए निकली नाबालिग छात्रा महाराष्ट्र में मिली, युवक पर दुष्कर्म का आरोप; 20 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आम लोगों से की अपील
पुलिस ने होटल-लॉज, ढाबा संचालकों, व्यापारियों और आम नागरिकों से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और गरिमामय माहौल में मनाने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और यातायात नियमों का पालन करें।