UP News: मनचाहा स्कूल नहीं, जिला जरूर मिलेगा…यूपी के टीचरों को हाई कोर्ट से बड़ी राहत – INA

उत्तर प्रदेश के प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के लिए बड़ी राहत की खबर है. इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ ने अंतरजनपदीय तबादला नीति को चुनौती देने वाली याचिकाओं को खारिज करते हुए राज्य सरकार की तबादला नीति का रास्ता साफ कर दिया है. हालांकि, अदालत ने स्पष्ट किया है कि शिक्षक को तबादले के बाद किसी खास विद्यालय में तैनाती का अधिकार नहीं होगा, बल्कि आवेदन पर संबंधित जिले के स्तर पर ही विचार किया जाएगा.
न्यायमूर्ति पंकज भाटिया की एकल पीठ ने ऋषी कटियार समेत तीन शिक्षकों की याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए यह फैसला दिया. याचिकाकर्ताओं ने 22 जून 2026 के शासनादेश के तहत अंतरजनपदीय तबादलों के लिए निर्धारित जिला-वार छात्र-शिक्षक अनुपात (PTR) को चुनौती दी थी.
आरटीई के आधार पर दी गई दलील खारिज
याचिकाकर्ताओं का तर्क था कि शिक्षा का अधिकार (RTE) अधिनियम के तहत छात्र-शिक्षक अनुपात का निर्धारण विद्यालय और कक्षा के स्तर पर किया जाना चाहिए. ऐसे में जिला-वार PTR तय करने से शिक्षकों के लिए तबादले के विकल्प सीमित हो रहे हैं.
हाईकोर्ट ने इस दलील को खारिज करते हुए कहा कि आरटीई अधिनियम में किसी शिक्षक को तबादले का कोई अंतर्निहित वैधानिक अधिकार नहीं दिया गया है. शिक्षक का तबादला राज्य सरकार की नीति के तहत मिलने वाला अवसर है. इसलिए तबादले के लिए सरकार द्वारा बनाई गई जिला-वार व्यवस्था को केवल आरटीई के छात्र-शिक्षक अनुपात से जोड़कर चुनौती नहीं दी जा सकती.
जिला मिलेगा, मनचाहा स्कूल नहीं
अदालत ने अपने फैसले में एक महत्वपूर्ण बात स्पष्ट की है. तबादला नीति के तहत शिक्षक के आवेदन पर जिले के स्तर पर विचार किया जाएगा, लेकिन आवेदन स्वीकार होने के बाद भी शिक्षक किसी विशेष विद्यालय में तैनाती का दावा नहीं कर सकता.
यानी अंतरजनपदीय तबादला मिलने की स्थिति में संबंधित शिक्षक को जिले में स्थानांतरित किया जा सकता है, लेकिन किस विद्यालय में तैनाती होगी, इसका फैसला विभागीय स्तर पर होगा.
पति-पत्नी शिक्षकों को भी मिलेगा लाभ
राज्य सरकार की नीति में विशेष परिस्थितियों में अंतरजनपदीय तबादले का प्रावधान किया गया है. इसमें ऐसे पति-पत्नी भी शामिल हैं, जो दोनों बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों में शिक्षक हैं और अलग-अलग जिलों में तैनात हैं. ऐसे मामलों में कम छात्र-शिक्षक अनुपात वाले जिलों में तबादले के आवेदन पर विचार किया जा सकता है. सरकार ने इसी उद्देश्य से जिला-वार छात्र-शिक्षक अनुपात की सूची तैयार की है.
हाईकोर्ट ने क्या कहा?
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि तबादला किसी शिक्षक का स्वतः प्राप्त कानूनी अधिकार नहीं है. यह राज्य सरकार की ओर से बनाई गई नीति के तहत मिलने वाला अवसर है. इसलिए शिक्षक के अधिकार भी उसी नीति के प्रावधानों से तय होंगे.
अदालत ने यह भी कहा कि जिला-वार PTR सूची का उद्देश्य आरटीई अधिनियम की अनुसूची में निर्धारित छात्र-शिक्षक अनुपात लागू करना नहीं है. इसका उद्देश्य केवल ये तय करना है कि किन जिलों में तबादले के लिए आवेदन पर विचार किया जा सकता है.
हाईकोर्ट के इस फैसले से यूपी के प्राथमिक शिक्षकों के अंतरजनपदीय तबादले की प्रक्रिया पर छाया कानूनी गतिरोध दूर हो गया है. अब तबादला नीति के तहत पात्र शिक्षकों के आवेदनों पर विभागीय प्रक्रिया आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है.
मनचाहा स्कूल नहीं, जिला जरूर मिलेगा…यूपी के टीचरों को हाई कोर्ट से बड़ी राहत
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,