UP News: UP: मौत का कारण स्पष्ट नहीं… IPS की मां की संदिग्ध मौत पर SP का बयान, बोलीं- जेवरात अब भी गायब – INA

IPS Ashutosh Mishra Mother Death Case: उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की मां की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में जिला पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने जांच को लेकर स्थिति स्पष्ट की है. उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और गहन जांच की जा रही है. पुलिस ने इस मामले में कई टीमें गठित की हैं और जांच से जुड़े हर पहलू को खंगाला जा रहा है.
एसपी के मुताबिक, 16 अगस्त को मालीपुर थाना क्षेत्र के रूढ़ा गांव में आईपीएस आशुतोष मिश्रा की मां का शव उनके घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था. घटना के बाद आशुतोष मिश्रा की ओर से हत्या और लूट का मुकदमा दर्ज कराया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की.
एसपी ने क्या कहा?
प्राची सिंह ने बताया कि एफआईआर में जिन अधिकांश जेवरात के गायब होने का उल्लेख किया गया है, वे अभी बरामद नहीं हुए हैं. वहीं घटनास्थल से पुलिस को तुलसी की माला और कीलनुमा पीली धातु की कुछ वस्तुएं मिली थीं. इन सामानों को आवश्यक कार्रवाई के बाद परिवार को सौंप दिया गया है.
मौत के कारण को लेकर भी अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हुई है. एसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है. ऐसे में बिसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया है. बिसरा की जांच रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह को लेकर तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है.
‘जांच निष्पक्ष होगी’
पुलिस ने मामले की जांच के लिए कई टीमें लगाई हैं. संदिग्धों से पूछताछ के साथ ही अलग-अलग बिंदुओं पर सबूत एकत्र किए जा रहे हैं. एसपी ने कहा कि पूछताछ और बयान की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई जा रही है, ताकि जांच प्रक्रिया पारदर्शी रहे और किसी भी स्तर पर सवाल न उठे. मामले में पुलिस की कार्रवाई और किसी आरोपी को लेकर उठ रहे सवालों पर एसपी ने कहा कि पुलिस किसी निर्दोष को क्यों फंसाएगी. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच पूरी निष्पक्षता के साथ की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई होगी.
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम के बाद सुरक्षित किए गए बिसरा की रिपोर्ट, बरामदगी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. मौत के पीछे वास्तविक कारण क्या था और लूट में बताए गए जेवरात कहां गए, इन सवालों के जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएंगे.
रिपोर्ट- अनुराग चौधरी
UP: मौत का कारण स्पष्ट नहीं… IPS की मां की संदिग्ध मौत पर SP का बयान, बोलीं- जेवरात अब भी गायब
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,