खबर शहर , अब यूपी बनेगा देश का वेडिंग हब: नई पर्यटन नीति में चमकेगी वेडिंग इंडस्ट्री, आगरा में सजेगा भव्य वेडिंग एक्सपो – INA

उत्तर प्रदेश को विश्वस्तरीय वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के लिए प्रदेश सरकार जल्द ही विशेष कार्ययोजना लाएगी। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने सोमवार को वेडिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल को मुलाकात के बाद आगामी पर्यटन नीति में स्टेकहोल्डर्स की अपेक्षाओं को शामिल करने का भरोसा दिया है।
यूपी वेडिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पर्यटन मंत्री से प्रदेश में वैवाहिक पर्यटन को बढ़ावा देने पर चर्चा की। इस मौके पर मंत्री ने 21-22 सितंबर 2026 को आगरा के होटल ताज में प्रस्तावित इंडियन वेडिंग इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव एंड एक्सपो के पोस्टर का विमोचन किया गया।
एसोसिएशन ने सरकार को सुझाव दिया कि यूपी के पास वाराणसी, अयोध्या, मथुरा, आगरा और नोएडा-गाजियाबाद जैसे ऐतिहासिक व आध्यात्मिक स्थल हैं। यदि पर्यटन नीति में वेडिंग वेन्यूज को विशेष सब्सिडी देकर प्रमोट किया जाए, तो यह सबसे तेजी से बढ़ता सेक्टर बन सकता है। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को आगरा एक्सपो के लिए आमंत्रित भी किया। इस दौरान राजेश गोयल, संदीप उपाध्याय, मनीष सिंघल, सौरभ सिंघल और अनिल सविता मौजूद रहे।
इन ट्रेड को मिलेगा मिलेगा लाभ
वेडिंग पर्यटन को उद्योग का दर्जा और बढ़ावा मिलने से प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से एक लाख लोगों को रोजगार मिलेगा। इससे मुख्य रूप से इन व्यवसायों में उछाल आएगा।
हॉस्पिटैलिटी: होटल, मैरिज होम और वेन्यू ओनर्स।
इवेंट मैनेजमेंट: टेंट, डेकोरेटर्स और इवेंट प्लानर्स।
फूड एंड बेवरेज: कैटरर्स और खाद्य व्यवसाय।
लॉजिस्टिक्स: ट्रांसपोर्ट और टूर एवं ट्रेवल्स।
अन्य व्यवसाय: कपड़ा, ज्वेलरी, ब्यूटीशियन और फोटोग्राफी से जुड़े कारोबारी सीधे लाभान्वित होंगे।