यूपी – महिलाओं का 46 दिन का सत्याग्रह लाया रंग: आलोक नगर से शराब ठेका हुआ शिफ्ट, सुंदरकांड पाठ कर मनाया जश्न – INA

आगरा के आलोक नगर चौराहे पर संचालित शराब के ठेके के खिलाफ 46 दिन से चल रहा महिलाओं और युवाओं का सत्याग्रह आखिरकार रंग लाया। जिला प्रशासन ने जनभावनाओं का सम्मान करते हुए पुराने ठेके को रिहायशी क्षेत्र से स्थानांतरित कर दिया है। ठेका शिफ्ट होने के बाद मंगलवार शाम 5 बजे स्थानीय निवासियों ने सुंदरकांड पाठ का आयोजन कर प्रसादी वितरित की। क्षेत्रीय पार्षद रेनू गुप्ता का अभिनंदन किया।

सत्याग्रह की सफलता पर हरिशंकर पाराशर और काके यादव ने महिलाओं व युवाओं का आभार जताया। वहीं, पार्षद रेनू गुप्ता ने स्पष्ट किया कि आंदोलन का लक्ष्य ठेका बंद कराना नहीं, बल्कि इसे रिहायशी इलाके से हटाना था, ताकि महिलाओं व छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित रहे और शासन के राजस्व को भी नुकसान न पहुंचे। चौराहे के समीप पांच मंदिर, स्कूल और कोचिंग सेंटर होने के कारण यहां अक्सर सुरक्षा का खतरा बना रहता था।

इसी को देखते हुए जिलाधिकारी मनीष बंसल और जिला आबकारी अधिकारी कृष्ण पाल यादव के सहयोग से यह कदम उठाया गया। इस मौके पर सुरभि मित्तल, सुमन फौजदार, वर्षा रजौरिया, मोना सोलंकी, विवेक पाराशर, वंदना सिंघल, राहुल मित्तल आदि मौजूद रहे।


Credit By Amar Ujala

Back to top button