UP News: निषाद समाज की मां-बेटियों को गाली दिलवाई जा रही… मछली भोज विवाद पर UP कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय का पलटवार – INA

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने अयोध्या में कांग्रेस नेताओं के स्वागत कार्यक्रम का आयोजन करने वाले निषाद नेता राम निहाल निषाद के साथ लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान, मछली दावत को लेकर चल रहे विवाद और निषाद समुदाय के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणियों के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया.

राम निहाल निषाद ने इस महीने की शुरुआत में बीजेपी छोड़ने के बाद कांग्रेस पार्टी का दामन थामा था. इससे पहले वे बीजेपी में कई पदों पर रह चुके थे. प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने मछली दावत वाले विवाद को निषाद समुदाय का अपमान बताया. राम निहाल निषाद ने कहा कि निषाद समुदाय इस पूरी घटना से बहुत आहत है. उन्होंने आरोप लगाया कि नेशनल टेलीविजन पर कांग्रेस के एक प्रवक्ता के साथ बदसलूकी की गई और इस घटना को निषाद समुदाय के अपमान से जोड़ते हुए सवाल उठाए.

सरकारी चैनल पर अपशब्द कहे जा रहे हैं

राम निहाल निषाद ने आरोप लगाया कि सरकारी चैनल पर निषाद समुदाय की माताओं और बहनों के लिए अपशब्द कहे जा रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि इस पूरे मामले में बीजेपी की भूमिका है और निषाद समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है. कांग्रेस पार्टी इस मामले को राजनीतिक मुद्दा बनाने की तैयारी कर रही है. पार्टी उस घटना को भी उजागर कर रही है जिसमें हनुमानगढ़ी के पुजारी राजू दास ने नेशनल टेलीविज़न प्रोग्राम के दौरान कांग्रेस प्रवक्ता के खिलाफ कथित तौर पर अपशब्दों का इस्तेमाल किया था.

अजय राय ने योगी सरकार पर निशाना साधा

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अभी अजय राय के मछली खाने की बात कर रहे हैं, लेकिन उन्हें राज्य में युवा लड़कियों के खिलाफ हो रहे अपराधों और हत्याओं पर भी बोलना चाहिए. अजय राय ने आरोप लगाया कि निषाद समुदाय के खिलाफ अपशब्द कहने वाले लोग मुख्यमंत्री के खेमे के हैं. उन्होंने कहा, “योगी जी के लोग ही निषाद समुदाय के सदस्यों को अपशब्द कह रहे हैं.”

मुख्यमंत्री योगी पर लगाया झूठ बोलने का आरोप

मुख्यमंत्री पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए अजय राय ने कहा, “योगी जी अब मठ में बैठने लायक नहीं रहे क्योंकि उन्होंने झूठ बोला है.” कांग्रेस ने साफ संकेत दिया है कि मछली दावत विवाद के अलावा, आने वाले दिनों में वह निषाद समुदाय के कथित अपमान और एक टीवी कार्यक्रम के दौरान अभद्र भाषा के इस्तेमाल की घटना को लेकर बीजेपी और योगी सरकार के खिलाफ ज्यादा आक्रामक रुख अपना सकती है.

आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल को घेरा

यूपी में गठबंधन की सम्भावनाएं तलाश रही आम आदमी पार्टी पर अजय राय ने कहा, उत्तर प्रदेश एक बहुत जागरूक राज्य है यहां पर जो लोग केवल जनता को ठगने के लिए या जनता को भ्रमित करने के लिये आ रहे हैं उनकी दाल गलने वाली नहीं है. अरविदं केजरीवाल 2014 में UP आए थे, बनारस मोदी को चुनाव जिताने आए थे. चुनाव जिता कर चले गए उसके बाद बनारस में कभी दर्शन तक नहीं दिए, जिसे जनता नहीं भूली है.

उन्होंने कहा कि जब तक हम लोगों के साथ खड़े रहेंगे, लोगों के सुख दुख में साथ रहेंगे तब तक जनता हमें पसंद करेगी. केजरीवाल 2014 में बनारस से चुनाव लड़े थे उसके बाद पता कीजिए बनारस की गलियों में लोगों से वो कहीं दिखे क्या?

अखिलेश से संजय सिंह की मुलाकात पर क्या बोले अजय राय?

अखिलेश से संजय सिंह की मुलाकात पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा, मुलाकात के दौर से नहीं चलेगा, आपको जनता के बीच काम करना पड़ेगा. पूरे उत्तर प्रदेश के दुख सुख में खड़ा होना पड़ेगा. आज पूरा प्रदेश कराह रहा है अत्याचार से अन्याय से, कौन दिखाई दे रहा है? सिवाय कांग्रेस के! राहुल गांधी के सिपाही लड़ रहे हैं, राहुल गांधी के लोग लड़ रहे हैं.

निषाद समाज की मां-बेटियों को गाली दिलवाई जा रही… मछली भोज विवाद पर UP कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय का पलटवार


#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY

Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,

Back to top button