Sport : Explainer: 50 की उम्र में बना ICC नंबर-1 टेस्ट गेंदबाज… जानें कौन हैं 5 सबसे उम्रदराज बॉलर्स, जिन्होंने दुनिया को झुकाकर रचा इतिहास #INA

ICC Test Bowling Raikings: क्रिकेट में बढ़ती उम्र के साथ खिलाड़ियों के प्रदर्शन में गिरावट आना स्वाभाविक माना जाता है, लेकिन क्रिकेट को कुछ ऐसे दिग्गज मिले जिन्होंने ढलती उम्र में भी अपनी फिरकी और रफ्तार से दुनिया पर राज किया. टेस्ट फॉर्मेट से ही साल 1877 में इंटरनेशनल क्रिकेट की शुरुआत हुई थी. तब से लेकर अब तक 149 साल के टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में कई महारथी खिलाड़ियों ने ऐसे रिकॉर्ड बनाए हैं जो आज भी कायम हैं. हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क आईसीसी नंबर-1 टेस्ट बॉलर बने हैं. स्टार्क ने 36 साल की उम्र में यह कारनामा किया है, लेकिन आपको बता दें कि टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे उम्रदराज आईसीसी नंबर-1 टेस्ट बॉलर्स की टॉप-5 लिस्ट में स्टार्क शामिल नहीं हैं. ऐसे में अब फैंस के मन में यह सवाल जरूर होगा कि आखिर इस टॉप-5 की लिस्ट में कौन-कौन है और सबसे उम्रदराज होने का रिकॉर्ड किसके नाम है. तो चलिए इस आर्टिकल में जानते हैं.

बर्ट आयरनमोंगर – ऑस्ट्रेलिया, नंबर-1 बनते समय उम्र: 50 साल

ICC के ऐतिहासिक रेटिंग बैक-डेटा देखने पर टेस्ट इतिहास के कई हैरान करने वाले रिकॉर्ड्स सामने आए हैं. बता दें कि आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में सबसे उम्रदराज नंबर-1 गेंदबाज बनने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के स्पिनर बर्ट आयरनमोंगर के नाम है, जो फरवरी 1933 में ‘बॉडीलाइन सीरीज’ के दौरान 50 साल और 10 महीने की उम्र में आईसीसी नंबर-1 टेस्ट गेंदबाज बने थे. बता दें कि बर्ट आयरनमोंगर के टेस्ट करियर की शुरुआत ही 46 साल की उम्र में हुई थी. वह बचपन में एक हादसे के कारण अपने बाएं हाथ की उंगली का अगला हिस्सा गंवा चुके थे, इसके बावजूद वह एक शानदार स्पिनर बने. उन्होंने अपने करियर में सिर्फ 14 टेस्ट मैच खेले और इस दौरान उन्होंने 17.97 की जादुई औसत से कुल 74 विकेट अपने नाम किए.

क्लैरी ग्रिमेट – ऑस्ट्रेलिया, नंबर-1 बनते समय उम्र: 44 साल

टेस्ट क्रिकेट में सबसे उम्रदराज आईसीसी टेस्ट बॉलर बनने के मामले में ऑस्ट्रेलिया के लेग स्पिनर क्लैरी ग्रिमेट दूसरे नंबर पर मौजूद हैं. उन्होंने फरवरी 1936 में 44 साल और 2 महीने की उम्र में ICC नंबर-1 टेस्ट गेंदबाज बनने का कारनामा किया था. न्यूजीलैंड में जन्मे लेकिन ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलने वाले क्लैरी ग्रिमेट को टेस्ट क्रिकेट में ‘फ्लिपर’ गेंद का आविष्कारक माना जाता है. उन्होंने अपने करियर में 37 टेस्ट मैच खेले, जिसमें कुल 216 विकेट चटकाए. वह क्रिकेट इतिहास के पहले ऐसे गेंदबाज थे जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 200 विकेट का आंकड़ा छुआ था. साल 1936 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ बेहतरीन गेंदबाजी कर क्लैरी ग्रिमेट 44 साल की उम्र में आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में नंबर-1 बने थे.

‘टिच’ फ्रीमेन – इंग्लैंड, नंबर-1 बनते समय उम्र: 41 साल

इंग्लैंड के महान लेग स्पिनर रहे टिच फ्रीमेन इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर आते हैं. टिच फ्रीमेन 41 साल और 2 महीने की उम्र में ICC नंबर-1 टेस्ट गेंदबाज बने थे. अल्फ्रेड ‘टिच’ फ्रीमेन की लंबाई महज 5 फीट 2 इंच थी, इसलिए उन्हें ‘टिच’ कहा जाता था. उन्होंने इंग्लैंड के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में सिर्फ 12 टेस्ट मैच खेले और इस दौरान कुल 66 विकेट अपने नाम किए थे, लेकिन उनका फर्स्ट-क्लास क्रिकेट रिकॉर्ड अविश्वसनीय रहा है. उन्होंने अपने फर्स्ट क्लास करियर की बात करें तो उन्होंने कुल 592 मुकाबले खेले, जिसमें उन्होंने 18.42 की औसत से कुल रिकॉर्ड 3776 विकेट अपने नाम किए.

फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनसे ज्यादा विकेट लेने का कारनामा सिर्फ विल्फ्रेड रोड्स ही कर पाए हैं, जिन्होंने कुल 4204 विकेट चटकाए हैं. आपको जानकर हैरानी होगी कि टिच फ्रीमेन ने साल 1928 में अकेले एक सीजन में 304 विकेट चटकाए थे, और आज भी यह रिकॉर्ड कायम है. उन्हें साल 1929 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दमदार प्रदर्शन के दम पर ICC रैंकिंग में नंबर-1 टेस्ट गेंदबाज आंका गया था. 

सिडनी बार्न्स – इंग्लैंड, नंबर-1 बनते समय उम्र: 40 साल

इंग्लैंड के महान गेंदबाज सिडनी बार्न्स आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में सबसे उम्रदराज नंबर-1 टेस्ट बॉलर बनने के मामले में चौथे नंबर पर काबिज हैं. सिडनी बार्न्स 40 साल और 9 महीने की उम्र में आईसीसी नंबर-1 टेस्ट बॉलर बने थे. सिडनी बार्न्स को क्रिकेट इतिहास के सबसे खतरनाक गेंदबाजों में गिना जाता है. उनके पास मध्यम-तेज गति से गेंद को दोनों तरफ स्विंग और स्पिन कराने की अद्भुत कला थी. उन्होंने सिर्फ 27 टेस्ट मैचों में 16.43 के शानदार औसत से कुल 189 विकेट अपने नाम किए थे. उन्होंने साल 1913-14 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपनी आखिरी टेस्ट सीरीज में सिर्फ 4 मैचों में 49 विकेट लेकर दुनिया को हैरान कर दिया था, जिसके दम पर सिडनी बार्न्स साल 1914 में 40 साल की उम्र में आईसीसी नंबर-1 बॉलर बने थे.

जेम्स एंडरसन – इंग्लैंड, नंबर-1 बनते समय उम्र: 40 साल

इंग्लैंड के दिग्गज तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन आधुनिक क्रिकेट के इकलौते खिलाड़ी हैं, जो टॉप-5 की इस लिस्ट में शामिल हैं. बर्ट आयरनमोंगर और सिडनी बार्न्स के दौर के 87 साल बाद फरवरी 2023 में न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन कर जेम्स एंडरसन आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में नंबर-1 बॉलर बने थे. इस दौरान उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस को पीछे छोड़ा था. जेम्स एंडरसन ने 40 साल और 207 दिन की उम्र में ICC नंबर-1 टेस्ट बॉलर बनने की ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की थी. टेस्ट क्रिकेट में बतौर तेज गेंदबाज 700 से अधिक विकेट (704 विकेट) लेने वाले जेम्स एंडरसन दुनिया के एकमात्र तेज गेंदबाज हैं.

मिचेल स्टार्क बने 8वें गेंदबाज

भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन इस लिस्ट में छठे नंबर पर काबिज हैं, जो मार्च 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ अपने 100वें टेस्ट के बाद 37 साल और 172 दिन की उम्र में आईसीसी नंबर-1 टेस्ट गेंदबाज बने थे. वहीं श्रीलंका के महान मुथैया मुरलीधरन साल 2008 में 36 साल और 221 दिन की उम्र में लंबे समय तक दुनिया के नंबर-1 टेस्ट बॉलर बने रहे थे. अब ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने भी अपनी धारदार गेंदबाजी के दम पर 36 साल की उम्र में नंबर-1 टेस्ट बॉलर बनने का यह गौरव हासिल किया है.

यह भी पढ़ें:  क्या ड्रॉ होगा कोलंबो टेस्ट…क्यों रद्द होने की तरह बढ़ रहा है भारत-श्रीलंका मैच? जानें कारण

Explainer: 50 की उम्र में बना ICC नंबर-1 टेस्ट गेंदबाज… जानें कौन हैं 5 सबसे उम्रदराज बॉलर्स, जिन्होंने दुनिया को झुकाकर रचा इतिहास





देश दुनियां की खबरें पाने के लिए ग्रुप से जुड़ें,

#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY

Copyright Disclaimer :->/b>Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on newsnationtv.com, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,

Back to top button