खबर शहर , Agra News: दीप्ति शर्मा ने 171 विकेट लेकर रचा इतिहास, खेल प्रेमियों में उत्साह – INA

आगरा। महिला क्रिकेटर दीप्ति शर्मा टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दुनिया की सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गई हैं। उन्होंने हाल ही में महिला एशिया कप में थाईलैंड के खिलाफ तीन विकेट लेकर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। दीप्ति के नाम अब टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 171 विकेट दर्ज हो गए हैं। इससे आगरा के खेल प्रेमियों और दीप्ति के परिवार में खुशी का माहौल है।


दीप्ति ने थाईलैंड के खिलाफ मुकाबले में महज सात गेंदों में बिना कोई रन दिए तीन विकेट चटकाए। इस प्रदर्शन के साथ ही उन्होंने थाईलैंड की थिपाचा पुत्थावोंग के 170 विकेटों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। यह खास उपलब्धि दीप्ति ने अपने कॅरिअर के 150वें टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में हासिल की। मुकाबले के दौरान उन्होंने नौवें ओवर में दो विकेट लेकर रिकॉर्ड की बराबरी की। इसके बाद 17वें ओवर की पहली गेंद पर तीसरा शिकार कर विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया।

दीप्ति के भाई सुमित शर्मा ने इस क्षण को पूरे आगरा और परिवार के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह बेहद भावुक कर देने वाला पल है। आगरा क्रिकेट एसोसिएशन की सदस्य आशु मित्तल ने कहा कि दीप्ति ने विश्व क्रिकेट में आगरा का परचम लहराया है। दीप्ति शर्मा ने एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम से क्रिकेट की शुरुआत की थी। आज वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहचान बना चुकी हैं।


Credit By Amar Ujala

Back to top button