Technology, एपल लगा रहा सबसे बड़ा दांव: क्या आज बदल जाएगी आईफोन की 19 साल पुरानी पहचान? जानें क्या कुछ बदलेगा – Apple Iphone 18 Pro Models To Launch Before Standard Models In 2027 Know September Launch Strategy — INA

सार
एपल 9 सितंबर को अपनी नई रणनीति का बड़ा संकेत दे सकती है। इस बार सामान्य आईफोन 18 के बजाय पहले प्रो मॉडल और संभावित फोल्डेबल आईफोन आने की उम्मीद है। करीब 19 साल पुरानी लॉन्च परंपरा में यह बदलाव कंपनी के बिजनेस और प्रोडक्ट प्लान को नया आकार दे सकता है।
2007 में पहली पीढ़ी के आईफोन के साथ शुरू हुई एपल की स्मार्टफोन कहानी अब एक नए मोड़ पर पहुंचती दिख रही है। करीब 19 साल बाद कंपनी पहली बार आईफोन की लॉन्च रणनीति में ऐसा बदलाव करने जा रही है, जिसका असर उसके पूरे प्रोडक्ट लाइनअप पर पड़ सकता है। बुधवार 9 सितंबर 2026 को होने वाले एपल इवेंट में इस बार सामान्य आईफोन मॉडल की जगह पहले प्रीमियम मॉडल और संभावित फोल्डेबल आईफोन पर फोकस रहने की उम्मीद है।
सितंबर में नहीं आएगा स्टैंडर्ड आईफोन 18?
- एपल के इतिहास में सितंबर का इवेंट नई आईफोन सीरीज के लगभग पूरे लाइनअप की लॉन्चिंग के लिए जाना जाता रहा है। लेकिन 2026 में कंपनी इस व्यवस्था को बदल रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार आईफोन 18 के स्टैंडर्ड मॉडल को कंपनी 2027 की शुरुआती महीनों में लॉन्च करेगी। जबकि 9 सितंबर को आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स पेश किए जाएंगे।
- इसका सीधा मतलब है कि इस साल सितंबर में नया आईफोन खरीदने वालों के सामने मुख्य विकल्प प्रीमियम मॉडल रहेंगे। यह बदलाव एपल की अब तक की सबसे अहम लॉन्च रणनीतियों में से एक माना जा रहा है।
9 सितंबर को क्या देखने को मिल सकता है?
भारत में एपल का यह इवेंट बुधवार रात 10:30 बजे शुरू होगा। कंपनी ने इवेंट का नाम “सरप्राइज एंड शाइन” रखा है। इस इवेंट में सबसे ज्यादा चर्चा आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स की है। इनके डिजाइन में पिछले मॉडल की तुलना में बहुत बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है, लेकिन कई आंतरिक और कैमरा अपग्रेड मिलने की खबर है। रिपोर्टों के मुताबिक छोटे डायनेमिक आइलैंड, नए ए20 प्रो चिप, बेहतर कैमरा सिस्टम और नए रंग विकल्पों पर काम किया गया है। हालांकि इनमें से ज्यादातर जानकारियां अभी अफवाहों और रिपोर्टों पर आधारित हैं, Apple ने आधिकारिक स्पेसिफिकेशन जारी नहीं किए हैं।
सबसे बड़ा सरप्राइज हो सकता है फोल्डेबल आईफोन
- इस बार एपल के इवेंट का सबसे बड़ा आकर्षण उसका पहला फोल्डेबल आईफोन हो सकता है। इसे कई रिपोर्ट्स में आईफोन अल्ट्रा बताया जा रहा है। यह एक प्रीमियम फोल्डेबल डिवाइस हो सकता है, जिसकी कीमत 2,500 डॉलर से अधिक होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
- सामने आई लीक्स के मुताबिक, पासपोर्ट जैसी चौड़ाई वाले फोल्डिंग डिजाइन, मजबूत हिंज और स्क्रीन पर कम दिखाई देने वाली क्रीज की चर्चा है। ये फीचर्स अगर सही साबित होते हैं तो एपल का फोकस सिर्फ फोल्डेबल फोन बनाने पर नहीं, बल्कि मौजूदा तकनीक की प्रमुख कमियों को दूर करने पर हो सकता है।
19 साल पुरानी पहचान में क्या बदलेगा?
- यह बदलाव सिर्फ एक साल के लॉन्च शेड्यूल तक सीमित नहीं है। 2007 से आईफोन की पहचान एक ऐसे फ्लैगशिप स्मार्टफोन के रूप में बनी रही है, जिसके नए मॉडल की घोषणा आमतौर पर साल के दूसरे हिस्से में होती है। पिछले कुछ वर्षों में एपल ने सितंबर लॉन्च को अपनी सबसे महत्वपूर्ण वार्षिक उत्पाद परंपराओं में बदल दिया।
- अब 2026 में कंपनी आईफोन परिवार को दो चरणों में बांटने की तैयारी कर रही है। प्रीमियम मॉडल पहले और ज्यादा किफायती मॉडल बाद में। यही सबसे बड़ा बदलाव है।
- इससे एपल को पूरे साल अलग-अलग समय पर नए फोन पेश करने का मौका मिलेगा। सितंबर में प्रीमियम मॉडल और 2027 की शुरुआत में सामान्य आईफोन 18, आईफोन 18ई और अगली पीढ़ी के आईफोन एयर को लाने की चर्चा जोरों पर है।
एपल ने इतना बड़ा बदलाव क्यों किया?
- इसके पीछे कई वजहें हो सकती हैं। सबसे बड़ा कारण प्रीमियम स्मार्टफोन से ज्यादा कमाई हासिल करना माना जा रहा है। अगर सितंबर में सिर्फ महंगे मॉडल लॉन्च होते हैं, तो कंपनी का शुरुआती बिक्री चक्र अधिक कीमत वाले डिवाइस पर केंद्रित रहेगा।
- दूसरी तरफ, मौजूदा समय में स्मार्टफोन इंडस्ट्री मेमोरी चिप की बढ़ती कीमतों से जूझ रही है। स्मार्टफोन में इस्तेमाल होने वाली डीआरएएम की कीमत पिछले एक साल में काफी बढ़ी है। ऐसे माहौल में एपल के लिए महंगे मॉडल की बिक्री पर जोर देना आर्थिक रूप से फायदेमंद हो सकता है।
नया सीईओ, नई रणनीति?
- यह इवेंट एपल के नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी जॉन टर्नस के नेतृत्व में पहला बड़ा प्रोडक्ट लॉन्च भी है। जॉन टर्नस ने 1 सितंबर से एपल सीईओ की कुर्सी संभाली है। वह इससे पहले कंपनी के हार्डवेयर इंजीनियरिंग प्रमुख रह चुके हैं।
- इस लॉन्च का महत्व सिर्फ नए आईफोन तक सीमित नहीं है। टर्नस के सामने एपल की एआई रणनीति को मजबूत करने और प्रतिस्पर्धियों के मुकाबले कंपनी की तकनीकी बढ़त बनाए रखने की भी बड़ी चुनौती है। इसी इवेंट में सिरी से जुड़े बड़े बदलावों की भी उम्मीद की जा रही है।