सीजी- छत्तीसगढ़: नशीले इंजेक्शनों की तस्करी का पर्दाफाश, गैंग का मुख्य सरगना गिरफ्तार, नेटवर्क खंगाल रही टीम – INA

नशे के कारोबार और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चिरमिरी पुलिस ने प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शनों की तस्करी के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। यह कार्रवाई पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान मिले सुराग के आधार पर की गई।
थाना प्रभारी वासुदेव परगनिहा के अनुसार पुलिस ने इससे पहले रितेश समुन्द्रे उर्फ अभिषेक समुन्द्रे और माहिन खान उर्फ माही को पकड़ा था। दोनों आरोपी बिना नंबर की काले रंग की मोटर साइकिल से मनेन्द्रगढ़ की ओर से नशीले इंजेक्शन लेकर हल्दीबाड़ी चिरमिरी की तरफ जा रहे थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने हल्दीबाड़ी मोड़ के पास घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से प्रतिबंधित नशीली दवाएं बरामद हुईं, जिनकी कीमत करीब 16 हजार रुपये बताई गई। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने नशीले इंजेक्शनों की सप्लाई के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उनके अनुसार चिरमिरी निवासी अमन खान ने उन्हें नशीले इंजेक्शन उपलब्ध कराए थे।
ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़: एक को बचाने नदी में कूदे दो दोस्त, तेज बहाव में तीनों बह गए; दो दिन बाद मिला शव, पीएम के लिए भेजे गए
इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने अमन खान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार मामले में एक युवती नाजिया, पिता सलमान खान को भी आरोपी बनाया गया है। दोनों की भूमिका और नशीले इंजेक्शन की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जांच की जा रही है।
नशे के नेटवर्क की पड़ताल जारी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित इंजेक्शन कहां से लाए जा रहे थे और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पूर्व में पकड़े गए आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस . की कड़ियां जोड़ रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।