Crime- पंचकूला क्लब में फायरिंग: डांस के दौरान हाथ टकराने पर भिड़े युवक, युवती के कंधे को छूकर निकली गोली -#INA

पंचकूला के सेक्टर-11 स्थित अलिफलैला क्लब में शनिवार देर रात करीब 2 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पार्टी के दौरान मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने दो फायर कर दिए।
गोली क्लब के बाथरूम के पास खड़ी एक युवती के कंधे को छूती हुई निकल गई। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-5 थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और पंजाब के फिरोजपुर निवासी तीन युवकों लखबीर, गुरप्रीत और करण को हिरासत में ले लिया।
चंडीगढ़ के मौली जागरां की अंजली को गोली लगने के तुरंत बाद पुलिस ने सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार, गोली युवती के कंधे को छूकर निकली, जिससे गहरा जख्म नहीं हुआ। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। पुलिस ने झगड़े के दौरान घायल हुए अन्य युवकों का भी अस्पताल में मेडिकल करवाया है।