खबर शहर , Agra News: सेना के जवान के बीमा से बेटियों के नाम कुछ रुपये करने पर विवाद – INA

बाह। शहीद स्मारक में पति की प्रतिमा के अनावरण समारोह में शामिल हुई वीरनारी ने जीवन बीमा की रकम में से कुछ रुपये बेटियों के नाम किए जाने पर हुए विवाद का मामला सामने आया है। वीरनारी ने अपने साथ उत्पीड़न एवं जान से मारने की धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

वीरनारी सपना सोलंकी की ओर से जैतपुर थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी के मुताबिक, 2016 में उनकी शादी जैतपुर के गढ़ी प्रतापपुरा गांव के अमित सिंह के साथ हुई थी। 2013 से अमित भारतीय सेना में थे। 30 अगस्त 2025 को सिक्किम में हार्टअटैक के चलते अमित सिंह (34) की जान चली गई थी। 2 बेटियों अवनी (8), नितारा सिंह (3) के सिर से पिता का साया छिन गया था। शादी के कुछ समय बाद ही सास मिथलेश, देवर सुमित सिंह विवाद करते थे। पति की मौत के बाद दोनों बेटियों को लेकर 15 दिन ससुराल में रही थी। आरोप है कि रोज प्रताड़ित किया गया।

1 सितंबर को शहीद स्मारक में प्रतिमा के अनावरण में शामिल होने के लिए वह अपनी दोनों बेटियों और भाई शिवेन्द्र के साथ आगरा से आई थी। अनावरण के बाद परिवार के साथ बैठी, तो पति के जीवन बीमा के 34 लाख रुपये सास मिथलेश को मिले। उसमें से कुछ धन बेटियों के नाम करने की बात कही थी। आरोप है कि देवर सुमित तेज आवाज में गालियां देते हुए बोला कि तुम्हारा कुछ नहीं है। विरोध करने पर उसने हाथ उठा दिया। सास मिथलेश, जेठ मयंक, जेठानी बीना, ननद प्रियंका, दिव्या समझाने के बजाय मारपीट पर उतारू हो गए। भाई शिवेन्द्र निकाल कर आगरा लाया। आरोप है कि जेठ मारने की धमकी दे रहे हैं। कहते हैं कि भाई तो चला गया, इसे भी रास्ते से हटा दो।

मृतक सैनिक की पत्नी ने ससुरालियों के खिलाफ उत्पीड़न एवं जान से मारने की धमकी दिए जाने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। जैतपुर पुलिस की विवेचना में प्रकाश में आने वाले तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई होगी।- जितेंद्र कुमार, एसीपी बाह


Credit By Amar Ujala

Back to top button