खबर शहर , Agra News: यात्री शेड बना निजी कॉलोनी का प्रचार कैंप – INA

कागारौल। यात्रियों की सुविधा के लिए विधायक निधि से बनवाया गया कस्बे के रोडवेज बस स्टैंड का यात्री शेड इन दिनों निजी कॉलोनी के प्रचार कैंप में तब्दील हो गया है। शेड के अंदर टैंट लगाकर प्रचार सामग्री व अन्य सामान रखे होने से यात्रियों के बैठने की जगह नहीं बची है। बसों के इंतजार में यात्रियों को मजबूरन सड़क किनारे खड़े रहना पड़ रहा है।


किरावली निवासी जगन्नाथ सिंह ने बताया कि वह जगनेर जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन शेड में जगह नहीं होने के कारण सड़क पर खड़ा होना पड़ रहा है। आगरा जा रहे कृष्णा माधव उपाध्याय ने बताया कि बस स्टैंड के अंदर यात्रियों के बैठने की सुविधा है लेकिन बसें अभी बस स्टैंड परिसर के अंदर तक नहीं आ रही हैं। ऐसे में यात्रियों के लिए शेड ही सहारा है, लेकिन यहां भी अतिक्रमण के कारण बैठने की जगह नहीं है। यात्रियों ने संबंधित अधिकारियों से यात्री शेड को प्रचार सामग्री और अतिक्रमण से मुक्त कराकर यात्रियों के लिए सुविधा बहाल कराने की मांग की है।


Credit By Amar Ujala

Back to top button