खबर शहर , Agra News: एंथेला, एंथम वारियर्स और आईएमएचएच अनप्रेडिक्टेबल्स ने जीते मुकाबले – INA

आगरा। आगरा इंटर सोसाइटी लीग के तीसरे सप्ताह में रविवार को तीन मैच खेले गए। बृजमोहन बंसल की स्मृति में चल रही लीग में एंथेला अवतार, एंथम वारियर्स और आईएमएचएच अनप्रेडिक्टेबल्स ने जीत दर्ज की।
पहल मैच में आईएमएचएच और गणपति ग्लैडिएटर्स के बीच खेला गया। आईएमएचएच ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 200 रन बनाए। कप्तान शशांक ने 51 गेंदों पर पांच चौकों और पांच छक्कों की मदद से 83 रन की शानदार पारी खेली। डॉ. संजय राणा ने 34 और दिनेश कुशवाह ने सिर्फ 16 गेंदों पर 36 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गणपति ग्लैडिएटर्स की टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 164 रन ही बना सकी। जुगनू चौहान, शशांक, दिनेश कुशवाह और डॉ. पार्थ बघेल ने दो-दो विकेट लिए।
दूसरे मुकाबले में एंथेला अवतार ने अपर्णा पंचशील स्ट्राइकर्स को 59 रन से हराया। एंथेला ने 20 ओवर में 199 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। कप्तान गौरव शर्मा ने 14 गेंदों पर 32 रन की तेज पारी खेली। विवेक भारती ने 31, धर्मेंद्र उपाध्याय ने 30 और विनय ने 24 रन बनाए। 199 रन के लक्ष्य के जवाब में अपर्णा पंचशील स्ट्राइकर्स की टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 140 रन ही बना सकी। एंथेला की ओर से अमन तायल और विनय ने तीन-तीन, जबकि धर्मेंद्र उपाध्याय ने दो विकेट झटके।
तीसरे मुकाबले में एंथम वारियर्स ने स्काई सिटी इलेविन को 83 रन से हराया। एंथम वारियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 218 रन का विशाल स्कोर बनाया। केसी ने 58 गेंदों पर छह चौकों और छह छक्कों की मदद से 106 रन की तूफानी शतकीय पारी खेली। 218 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए स्काई सिटी इलेविन की टीम 15.1 ओवर में 135 रन पर सिमट गई। विवेक, ऋषभ जैन और अर्जित सिंह ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, दिन का चौथा मुकाबला राधा रानी चैलेंजर्स और अपर्णा प्रेम फाइटर के बीच प्रस्तावित था, लेकिन बारिश के कारण बाधित हो गया।