UP News: गोरखपुर में जलभराव पर बीजेपी पार्षद ने सांसद रवि किशन से पूछे सवाल, जवाब मिला- सपा में शामिल हो गए क्या; वायरल हो रहा वीडियो – INA

गोरखपुर के सदर सांसद रवि किशन शुक्ला और बेतियाहाता के पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी की फोन पर हुई बातचीत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में दोनों के बीच शहर में जलभराव और तरकुलानी से जल निकासी को लेकर बातचीत होती सुनाई दे रही है. इसी दौरान दोनों एक-दूसरे पर राजनीतिक तंज भी कसते नजर आ रहे हैं.
वायरल वीडियो में सांसद रवि किशन पार्षद से कहते सुनाई दे रहे हैं, “समाजवादी पार्टी ज्वाइन कई लिहल का? सपा वाली बात कर रहे हो, सपा के नेता हो गइल का?” इस पर पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी जवाब देते हैं, “पानी अगर भर जाए तो आदमी सपा ज्वाइन कर लिया? आप क्या ज्वाइन कर लिए सांसद जी, बसपा ज्वाइन कर लिए आप?”
इसके बाद रवि किशन कहते हैं कि सभी जगह रेगुलेटर चालू हैं. इस पर पार्षद कहते हैं कि अगर रेगुलेटर सही तरीके से ऑपरेट नहीं होगा तो पानी भरेगा ही. रवि किशन फिर कहते हैं, “सब चालू है, केकरा के सुनावत बाट हो पार्षद जी?” पार्षद जवाब देते हैं, “आपको सुना रहे हैं.” बातचीत के दौरान रवि किशन पार्षद को “ब्राह्मण देवता” कहते सुनाई देते हैं. इस पर पार्षद जवाब देते हैं, “यहां पर ब्राह्मण की बात नहीं है, पूरा शहर डूब रहा है. आपको ब्राह्मण देवता, ब्राह्मण देवता दिख रहा है.”
“सपा वाली बात कर रहे हो”
इसके बाद रवि किशन एक बार फिर पार्षद से कहते हैं, “सपा वाली बात कर रहे हो, सपा के नेता हो गइल का?” इस पर पार्षद कहते हैं, “आप क्या ज्वाइन कर लिए सांसद जी, आप बसपा ज्वाइन कर लिए क्या?” बातचीत के दौरान सांसद यह भी पूछते हैं कि अचानक इस तरह क्यों बात कर रहे हैं. पार्षद उनसे अधिकारियों से बात करने की बात कहते हैं, जिस पर रवि किशन कहते हैं कि वह तुरंत अधिकारियों से बात करेंगे.
वीडियो के दूसरे हिस्से में पार्षद नौका विहार पहुंचकर सांसद को फोन करते दिखाई दे रहे हैं. वह कहते हैं कि शाम के करीब 6:56 बजे हैं और वह जनता के बीच नौका विहार पर मौजूद हैं, लेकिन सांसद फोन नहीं उठा रहे हैं. पार्षद आरोप लगाते हैं कि सांसद जनता और जनप्रतिनिधियों से झूठ बोल रहे हैं.
पार्षद वीडियो में यह भी कहते हैं कि इतनी भीषण बारिश के बीच सांसद को जनता के बीच रहकर उनकी समस्याएं देखनी चाहिए. वह कहते हैं कि सांसद ने खुद को नौका विहार पर बताया था, लेकिन वह वहां मौजूद नहीं हैं. इसके बाद पार्षद कहते हैं कि वह खुद नौका विहार पर मौजूद हैं. रवि किशन और पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी के बीच हुई बातचीत का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में दोनों के बीच जलभराव को लेकर बहस के साथ-साथ सपा और बसपा को लेकर राजनीतिक तंज भी सुनाई दे रहे हैं.
गोरखपुर में जलभराव पर क्या बोले अखिलेश
प्रदेश में जलभराव की घटनाओं को लेकर सपा सुप्रिमो अखिलेश यादव का भी बयान सामने आया है. उन्होंने एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि शहरों में जलभराव का मुख्य कारण अधिक वर्षा नहीं बल्कि भाजपाई भ्रष्टाचार की वजह से जलनिकासी की व्यवस्था का फेल हो जाना है. अखिलेश यादव ने कहा कि जब नाली से लेकर नाले तक गंदगी से जाम हैं तो पानी कहां से निकलेगा.
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि विभिन्न तरह के प्रदूषण व नालों के नदियों में गिरने की वजह से नदियों का बहाव गाद के जमा होने की वजह से बुरी तरह बाधित हुआ है. बंधा बनाकर उफनती नदी के पानी को रोकना कोई कारगर उपाय नहीं है. हम भविष्य में नदियों की गाद हटाकर उनको गहरा करने का काम करेंगे जिससे नदियां अविरल मतलब बिना किसी रुकावट के प्राकृतिक रूप से बह सकें और उनके अंदर के जीव-जंतु व इकोसिस्टम से नदियां स्वयं निर्मल हो सकें.
अखिलेश ने आगे कहा कि राजधानी लखनऊ हो या स्मार्ट सिटी गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज जैसे बड़े अन्य शहर सब जगह हाल-बेहाल है. गंदगी से बीमारी फैलने का डर भी है. विशेष रूप से नदी के किनारे बसे व नदीय अर्थव्यवस्था पर आधारित लोगों का जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है. ऐसा लगता है कि भाजपा सरकार की आंख का पानी भी बहकर जलराशि को बढ़ा रहा है. भाजपा जाएगी, नदी जीवन पाएगी.
गोरखपुर में जलभराव पर बीजेपी पार्षद ने सांसद रवि किशन से पूछे सवाल, जवाब मिला- सपा में शामिल हो गए क्या; वायरल हो रहा वीडियो
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,