सीजी- रायपुर: ट्रेन के सामने जाने वाली थी महिला, बच्चों की चीख सुन दौड़े स्टेशन मास्टर; बची तीन जिंदगियां – INA

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल के उरकुरा रेलवे स्टेशन पर तैनात स्टेशन मास्टर की सतर्कता और सूझबूझ से बड़ा हादसा होने से टल गया। ट्रेन के सामने कूदकर जान देने जा रही एक महिला और उसके दो मासूम बच्चों की जान समय रहते बचा ली गई। स्टेशन मास्टर आनंद उपाध्याय ने बच्चों की चीख-पुकार सुनकर तत्काल मौके पर पहुंचकर महिला को पटरी पर जाने से रोक लिया।

मिली जानकारी के अनुसार, एक महिला अपने दो बच्चों के साथ उरकुरा रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी। स्टेशन पर कुछ देर रुकने के बाद वह अचानक रेलवे पटरी की ओर बढ़ने लगी। अपनी मां को पटरी की तरफ जाते देखकर दोनों बच्चों ने डर की वजह से जोर-जोर से चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया।

बच्चों की आवाज सुन दौड़े स्टेशन मास्टर

बच्चों के लगातार चीखने की आवाज सुनकर स्टेशन मास्टर आनंद उपाध्याय बिना एक भी पल गंवाए तुरंत मौके की तरफ दौड़े। उस समय ट्रेन के आगमन का समय हो चुका था और स्टेशन पर स्थिति बहुत ही गंभीर बनी हुई थी। ट्रेन के आने में महज कुछ ही सेकंड का समय बाकी था, लेकिन स्टेशन मास्टर ने फुर्ती दिखाते हुए महिला को पीछे की ओर धकेल दिया और उसे पटरी पर . जाने से रोक लिया।

सीसीटीवी कैमरे में दर्ज हुआ वाकया

समय पर उठाए गए इस साहसिक कदम से महिला और दोनों बच्चों के साथ होने वाली अनहोनी टल गई। यह पूरी घटना स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हो गई है। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में महिला को पटरी की ओर बढ़ते और स्टेशन मास्टर को दौड़कर उसे बचाते हुए स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है।


Credit By Amar Ujala

Back to top button