खबर शहर , यूपी: सरकारी अस्पताल में इलाज बना मुसीबत, सुबह से लग रही कतार; पर्चे से जांच तक हर कदम पर धक्के – INA

आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल और लेडी लॉयल अस्पताल में मरीजों की परेशानियां कम नहीं हो रही हैं। हालत यह है कि यहां घंटों लाइन में लगकर इलाज कराना पड़ता है और रिपोर्ट के लिए लंबे इंतजार में समय बीत जाता है। इसे अस्पतालों के प्रबंधन में लापरवाही मानें या फिर भीड़ का दबाव, खामियाजा मरीज और उनके तीमारदार भुगत रहे हैं।
एसएन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में सुबह से ही मरीजों की लंबी-लंबी कतारें लग जाती हैं। रजिस्ट्रेशन काउंटर पर पर्चा बनवाने के बाद मरीजों को डॉक्टर के कमरे के बाहर फिर से घंटों खड़ा रहना पड़ता है। डॉक्टर को दिखाने के बाद फिर जांच और अंत में रिपोर्ट पाने के लिए लंबा इंतजार आम बात हो गई है।
लेडी लॉयल अस्पताल में पर्चा बनवाने के लिए सिर्फ एक काउंटर है, जिसके कारण यहां भीड़ लग जाती है। लंबी लाइनों के कारण गर्भवती महिलाओं और उनके परिजन को परेशानी झेलनी पड़ती है। ऐसे में सबसे ज्यादा समस्या आपात स्थिति या प्रसव पीड़ा के दौरान गर्भवतियों को उठानी पड़ती है।
जिला अस्पताल: बिना इलाज और जांच के लौटे मरीज
जिला अस्पताल में भी मंगलवार को बदइंतजामी देखने को मिली। अर्जुन नगर निवासी दिलदार दोपहर को पर्चा बनवाकर टूटे पैर पर कच्चा प्लास्टर कराने के लिए डॉक्टर के पास पहुंचे लेकिन नकद 70 रुपये न होने की वजह से उन्हें अगले दिन आने को कहकर लौटा दिया गया।
बोले मरीज
धौलपुर निवासी रामरति ने कहा कि एसएन की ओपीडी में 3 घंटे तक जांच की लाइन में खड़ी रही। जब मेरा नंबर आया तो डॉक्टर ने बिना जांच किए ही बोल दिया कि तीन दिन बाद आना। दूर-दराज से आने के बावजूद बिना इलाज के वापस जाना पड़ रहा है।
लोहामंडी से आए तीमारदार विशाल का कहना है कि अस्पताल में पर्चा बनवाने के लिए केवल एक काउंटर होने से परेशानी होती है। मेरी गर्भवती बहन को तेज दर्द हो रहा है लेकिन पर्चा बनवाने के लिए एक घंटे से लाइन में खड़े हैं। यहां कोई सुनने वाला नहीं है।
एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता का कहना है कि पर्चा काउंटर की संख्या सात से बढ़ाकर नौ कर दी गई है। अगले 15 दिनों में छह नए काउंटर और शुरू किए जाएंगे। इसके साथ ही व्यवस्थाएं संभालने के लिए विशेष टीम तैनात की गई है।
जिला महिला अस्पताल की मुख्य अधीक्षिका डॉ. पुष्पलता ने बताया कि स्थान की कमी के कारण एक काउंटर अंदर बनाया गया है। पोर्टल में तकनीकी खराबी और सोमवार-मंगलवार को भीड़ बढ़ने से लाइन लंबी हो जाती है। इस समस्या को जल्द दुरुस्त किया जाएगा।
एसएन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी: 3847
जिला अस्पताल की ओपीडी: 3000
लेडी लायन अस्पताल की ओपीडी: 390