खबर शहर , आगरा को मिली बड़ी सफलता: देश के 50 मॉडल शहरों में शामिल, हवा-पानी से सफाई तक होगी खास निगरानी – INA

हवा, पानी, सफाई के मामले में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 50 शहरों में आगरा को शामिल किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन विकसित भारत के तहत मंगलवार को प्रगति-50 को लॉन्च किया गया, जिसमें आगरा नगर निगम की सफाई व्यवस्था को केंद्र सरकार की पहल के तहत विशेष निगरानी मिलेगी।
स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 के तहत देश के चुने गए इन शहरों में आगरा को भी शामिल किया गया है। इसका असर शहर में कूड़ा उठान, ठोस कचरा प्रबंधन, सीवेज निस्तारण से जुड़े कार्यों पर पड़ सकता है। प्रगति-50 का शुभारंभ मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए किया गया। आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव सतेंद्र सिंह की ओर से जारी पत्र के मुताबिक प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई 51वीं बैठक में स्वच्छ भारत मिशन-शहरी की समीक्षा के बाद प्रगति-50 पहल शुरू की जा रही है।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने बताया कि आगरा में घरों से कूड़ा उठान, उसे प्रथक करने, परिवहन और निस्तारण से जुड़े कार्यों की प्रगति को तय मानकों पर परखा जाएगा। इससे नगर निगम की सफाई व्यवस्था में नियमितता और जवाबदेही बढ़ाने पर जोर रहेगा।
सीवेज और जल प्रबंधन भी दायरे में
प्रगति-50 का दायरा केवल सड़क और सार्वजनिक स्थानों की सफाई तक सीमित नहीं है। जल प्रबंधन और सैनिटेशन भी इसकी प्राथमिकताओं में है। ऐसे में सीवेज और गंदे पानी के प्रबंधन से जुड़े कार्यों की निगरानी होगी। पानी की निकासी, सैनिटेशन की समस्या वाले क्षेत्रों में इसका असर नजर आएगा। मंत्रालय की ओर से इसके लिए एसओपी और प्रमुख प्रदर्शन संकेतक (केपीआई) जल्द जारी किए जाएंगे। प्रगति-50 में आगरा के साथ उसके अंतर्गत आने वाले सभी नगरीय निकायों को शामिल किया गया है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मेयर हेमलता दिवाकर, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम, पर्यावरण अभियंता पंकज भूषण मौजूद रहे।