खबर शहर , Agra News: लेखपालों ने काली पट्टी बांधकर थाना समाधान दिवस में किया कार्य – INA

आगरा। लेखपालों ने शनिवार को थाना समाधान दिवस में काली पट्टी बांधकर कार्य किया। आठ सूत्री मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया। साथ ही एक भी ऑनलाइन कार्य नहीं किया। इससे जिले भर में 16 हजार से अधिक आवेदन लंबित पड़े हैं। रविवार को रक्तदान के जरिये विरोध जताएंगे।

उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर वेतन विसंगति, पदनाम व सहित अन्य मांगों के लिए लेखपाल चरणबद्ध आंदोलन कर रहे हैं। जिले में सबसे पहले 103 लेखपालों ने अतिरिक्त क्षेत्रों को चार्ज छोड़ा था। इसके बाद संपूर्ण समाधान दिवस का बहिष्कार और ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार कर दिया।

अब थाना समाधान दिवस में विरोध जताया। तहसील सदर के लेखपाल थाना सिकंदारा, जगदीशपुरा, मलपुरा, बमरौली कटारा, न्यू आगरा सहित अन्य थानों में काली पट्टी बांधकर पहुंचे।

लेखपालों के ऑनलाइन कार्य न करने से आय, जाति, निवास, ईडब्ल्यूएस, वरासत, हैसियत आदि प्रमाणपत्रों के साथ फार्मर रजिस्ट्री और फैमिली आईडी के कार्य नहीं हो रहे हैं। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। संघ के सदर तहसील के सचिव जितेंद्र चौधरी ने कहा कि मांगें पूरी न होने तक विरोध जारी रहेगा।

—————

लेखपालों का प्रदेश स्तर पर आंदोलन चल रहा है। ऑनलाइन कार्य बंद कर दिए हैं। उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया है। – विक्रम राघव, एसडीएम सदर


Credit By Amar Ujala

Back to top button