सीजी- कोरबा में टला बड़ा हादसा: 100 फीट ऊंचा स्ट्रीट लाइट पोल गिरते ही मचा हड़कंप, बाल-बाल बचा हाइड्रा चालक – INA

शहर के मध्य स्थित घंटाघर मैदान में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। करीब 100 फीट ऊंचा स्ट्रीट लाइट का खंभा शिफ्ट करते समय अचानक गिर गया। इस दौरान हाइड्रा मशीन सहित वाहन पलट गया। गनीमत रही कि चालक बाल-बाल बच गया। घटना के दौरान मौके पर हड़कंप मच गया। वहां मौजूद लोग भी बाल-बाल बचे, नहीं तो बड़ी घटना घट सकती थी।

बताया जा रहा है कि नगर निगम द्वारा घंटाघर मैदान में हाई मास्ट स्ट्रीट लाइट लगाया गया था। आंधी-तूफान आने पर यह खंभा हिलने लगा था और कभी भी बड़ी घटना घट सकती थी। इसे देखते हुए बगल में एक और स्ट्रक्चर तैयार कर खंभा शिफ्ट किया जा रहा था। इसी दौरान यह घटना सामने आई।

जानकारी के अनुसार पहले से लगे स्ट्रीट लाइट खंभे की लाइटों को नीचे उतारा गया, उसके बाद दूसरे स्ट्रक्चर पर शिफ्ट किया जा रहा था। हाइड्रा मशीन से खंभा शिफ्टिंग के दौरान संतुलन बिगड़ गया और खंभा अनियंत्रित होकर गिर गया। खंभे के साथ हाइड्रा मशीन भी पलट गई। गनीमत रही कि घंटाघर मैदान में आने वाले दिनों में कार्यक्रम के लिए पंडाल तैयार कर रहे कुछ लोग मौके पर मौजूद थे, जो बाल-बाल बच गए। अगर खंभा दूसरी दिशा में गिरता तो बड़ी जनहानि हो सकती थी।

ये भी पढ़ें: 52 हाथियों के दल से गांव में दहशत: स्कूल-हॉस्टल खाली, ग्रामीण छत पर सोने को मजबूर, किसानों के फसल बर्बाद

स्थानीय लोगों का कहना है कि कहीं न कहीं स्ट्रीट लाइट खंभे और काम की गुणवत्ता में कमी के चलते यह घटना हुई है। नगर निगम द्वारा यह काम कराया जा रहा है। नवरात्रि और आने वाले दिनों में घंटाघर में होने वाले कार्यक्रमों को देखते हुए नई लाइटें लगाई जा रही हैं।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को सूचना दी गई है। पलटे हुए वाहन को सीधा करने के लिए दूसरा वाहन बुलाया गया है। इसके बाद फिर से स्ट्रीट लाइट खंभा खड़ा करने की तैयारी की जाएगी। फिलहाल नगर निगम की लापरवाही को लेकर लोगों में चर्चा है।


Credit By Amar Ujala

Back to top button