UP News: दशहरे पर देने वाला था बलि? कोटपूतली से बच्चे का किया अपहरण, मथुरा से बरामद; आरोपी के पास मिला त्रिशूल – INA

Rajasthan child kidnapping case: राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले में 2 साल के बच्चे के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस को आशंका है कि आरोपी बच्चे को बलि देने के इरादे से अगवा करके ले गया था. पुलिस ने करीब 150 किलोमीटर तक पीछा करने और 350 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद 20 अक्टूबर की शाम उत्तर प्रदेश के मथुरा से बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया. आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है. उसके पास से त्रिशूल और शृंगार का सामान भी मिला है.

कोटपूतली-बहरोड़ के एसपी सतवीर सिंह के मुताबिक, 18 अक्टूबर को दोपहर करीब 3:45 बजे पुलिस को सूचना मिली कि नीमराना थाना क्षेत्र में घर के बाहर खेल रहा 2 साल का बच्चा लापता हो गया है. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्चे की तलाश शुरू की.

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. एक कैमरे में बच्चा बाइक पर बैठा दिखाई दिया. बाइक एक अनजान व्यक्ति चला रहा था. फुटेज की जांच में पता चला कि आरोपी बच्चे को दिल्ली रोड की ओर लेकर गया है. इसके बाद पुलिस ने आरोपी के आने-जाने के रास्तों का पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी.

अजमेर से चुराई बाइक

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी की पहचान विवेक कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार के रोहतास जिले के सासाराम का रहने वाला है. बताया गया कि वह सबसे पहले अजमेर पहुंचा था. वहां क्लॉक टावर थाना क्षेत्र से उसने एक बाइक चुराई और कथित तौर पर बच्चे के अपहरण की कोशिश की, लेकिन इसमें सफल नहीं हुआ.

इसके बाद वह जयपुर के शाहपुरा की ओर निकल गया. शाहपुरा में बाइक का पेट्रोल खत्म होने पर उसने चोरी की बाइक वहीं छोड़ दी और दूसरी बाइक चुरा ली. इसी बाइक से वह नीमराना पहुंचा. यहां घर के बाहर खेल रहे बच्चे को देखकर उसने मौका तलाशा. दोपहर करीब 3:30 बजे जब बच्चे के आसपास उसे कोई नजर नहीं आया, तो वह उसे बाइक पर बैठाकर फरार हो गया.

350 CCTV कैमरों की फुटेज से मथुरा तक पहुंची पुलिस

बच्चे के लापता होने के बाद पुलिस ने अलग-अलग रास्तों पर लगे करीब 350 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. जांच के दौरान आरोपी की गतिविधियों का पता लगाते हुए पुलिस टीम उत्तर प्रदेश के मथुरा पहुंची. वहां कोसीकलां थाना क्षेत्र में एक मंदिर के पास आरोपी को पकड़ लिया गया और बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया गया.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास मौजूद एक थैले की तलाशी लेने पर त्रिशूल और श्रृंगार का सामान मिला. इन सामानों के आधार पर पुलिस को आशंका है कि बच्चे का अपहरण नर बलि के इरादे से किया गया था. हालांकि, आरोपी का असली मकसद क्या था, इसकी पुष्टि पूछताछ और जांच के बाद ही हो सकेगी.

पुलिस को आशंका है कि अगर आरोपी को दशहरे के दिन तक नहीं पकड़ा जाता, तो वह किसी वारदात को अंजाम दे सकता था. फिलहाल विवेक कुमार से बच्चे के अपहरण, चोरी की गई बाइकों और कथित नर बलि की आशंका को लेकर पूछताछ की जा रही है. एसपी सतवीर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है. बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है.

दशहरे पर देने वाला था बलि? कोटपूतली से बच्चे का किया अपहरण, मथुरा से बरामद; आरोपी के पास मिला त्रिशूल


#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY

Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,

Back to top button