कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के मोहल्ला खंदारी गढ़ी में बृहस्पतिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक महिला द्वारा दिए गए दूध को पीने से पति और उसके दोनों मासूम बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इस दर्दनाक हादसे में चार साल के छोटे बेटे की मौत हो गई, जबकि पति और बड़े बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजे मोहल्ला खंदारी गढ़ी निवासी काजल नाम की महिला ने अपने पति मोहम्मद दानिश और दोनों बच्चों को पीने के लिए दूध दिया था। दूध पीने के कुछ घंटे बाद ही तीनों की हालत अचानक बिगड़ने लगी। परिवार के सदस्यों की हालत बिगड़ती देख तुरंत हड़कंप मच गया। रात करीब 1:30 बजे दानिश, जोऐब (6) व आशु (5) को जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड लाया गया। यहां मासूम आशु को मृत घोषित कर दिया गया।
विषाक्त की आशंका पर मोहम्मद दानिश और उनके बड़े बेटे को प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। जहां दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं और सनसनी फैली हुई है। परिवार आठ दिनों पहले ही किराए पर रहने आया था। दानिश मूलरूप से गिजरौली के रहने वाले हैं। मकान मालिक ने किसी तरह की जानकारी से इंकार किया है।