Tach – 2 लाख का फोन, फिर भी दीवानगी ऐसी! लॉन्च होते ही आउट ऑफ स्टॉक हुआ Apple का पहला फोल्डेबल iPhone Duo

ऐपल का पहला फोल्डेबल स्मार्टफोन iPhone Duo लॉन्च होते ही ग्राहकों के बीच जबरदस्त हिट साबित हुआ है. इसे खरीदने के लिए न्यूयॉर्क के फिफ्थ एवेन्यू से लेकर एशिया और ऑस्ट्रेलिया तक के स्टोर्स के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई है. 2000 डॉलर से 3199 डॉलर तक की कीमत वाले इस डिवाइस की मांग इतनी अधिक है कि नए ऑर्डर्स की डिलीवरी जनवरी तक टल गई है. इस देरी का बड़ा कारण जटिल हिंज तकनीक, चिप्स की कमी और चीन में सीमित उत्पादन क्षमता है, जिससे प्रोडक्शन में भारी चुनौतियां आ रही हैं.
बिना बुकिंग के ही स्टोर्स के बाहर उमड़ी भीड़
आईफोन डुओ का क्रेज इस कदर सिर चढ़कर बोल रहा है कि अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित कंपनी के प्रमुख ‘फिफ्थ एवेन्यू’ स्टोर के बाहर उन ग्राहकों का भी भारी हुजूम देखा गया, जिन्होंने पहले से फोन की बुकिंग तक नहीं कराई थी. सिर्फ अमेरिका ही नहीं, बल्कि एशिया और ऑस्ट्रेलिया के मार्केट्स में भी ऐपल के इस पहले फोल्डेबल फोन को लेकर ग्राहकों में बिल्कुल ऐसा ही जुनून देखने को मिल रहा है.
कीमत 2 लाख के पार, फिर भी आउट ऑफ स्टॉक
अगर आपको लग रहा है कि ये फोन सस्ता होगा, तो आप गलत हैं. कंपनी के इस नए डिवाइस की शुरुआती कीमत ही 2,000 डॉलर (करीब 1.65 लाख रुपये) रखी गई है. वहीं, ज्यादा स्टोरेज वाले टॉप मॉडल की कीमत 3,199 डॉलर (करीब 2.65 लाख रुपये) तक पहुंच जाती है. दूसरे स्मार्टफोन्स के मुकाबले कीमत इतनी ज्यादा होने के बावजूद ऐपल के दीवानों और शुरुआती खरीदारों के बीच इसकी डिमांड में कोई कमी नहीं है. प्री-ऑर्डर में ही स्टॉक खत्म होने के कगार पर आ गया था. अब ऐपल की वेबसाइट पर नए ऑर्डर देने वाले ग्राहकों को डिलीवरी के लिए जनवरी के अंत तक का समय दिया जा रहा है.
क्यों आ रही है प्रोडक्शन में दिक्कत?
आखिर डिमांड के हिसाब से फोन बन क्यों नहीं पा रहे हैं? दरअसल, iPhone Duo को तैयार करना कोई बच्चों का खेल नहीं है. फोन को बीच से मोड़ने वाले खास ‘हिंज’ (Hinge) और नई डिस्प्ले टेक्नोलॉजी के कारण इसके प्रोडक्शन में भारी चुनौतियां आ रही हैं. फिलहाल इस फोन को चीन में मौजूद कुछ चुनिंदा और सीमित फैक्ट्रियों में ही तैयार किया जा रहा है. इसके अलावा, मेमोरी चिप और दूसरे जरूरी इलेक्ट्रॉनिक पुर्जों की ग्लोबल मार्केट में चल रही कमी ने भी कोढ़ में खाज का काम किया है, जिससे लागत भी बढ़ रही है. सैमसंग जैसी विरोधी कंपनियां भी इसी वजह से अपने स्मार्टफोन्स की कीमतें बढ़ा रही हैं.
ऐपल के इतिहास का सबसे बड़ा बदलाव
फोल्डेबल स्मार्टफोन के बाजार में भले ही ऐपल ने देर से एंट्री मारी हो, लेकिन iPhone Duo कंपनी के करीब दो दशक पुराने इतिहास में सबसे बड़े डिजाइन बदलावों में से एक है. कंपनी इस नए डिवाइस के जरिए ग्राहकों को बेहतरीन डिजाइन और एकदम स्मूद सॉफ्टवेयर का अनुभव देने की कोशिश कर रही है. चूंकि ऐपल की कुल कमाई का लगभग आधा हिस्सा आईफोन की बिक्री से ही आता है, इसलिए ‘डुओ’ की सफलता कंपनी के भविष्य के लिए बेहद अहम मानी जा रही है.
अब सबकी नजरें 2 नवंबर की तारीख पर
बाजार और निवेशकों की नजरें अब 2 नवंबर को आने वाले ऐपल के तिमाही नतीजों पर टिकी हैं. हालांकि, इन नतीजों में iPhone Duo की बिक्री के आंकड़े शामिल नहीं होंगे, क्योंकि यह तिमाही सितंबर के अंत में ही खत्म हो गई थी. लेकिन इन नतीजों में हाल ही में लॉन्च हुई iPhone 18 Pro और Pro Max सीरीज की शुरुआती बिक्री का जोरदार असर जरूर देखने को मिलेगा.
Source link