UP News: हर बूथ पर बढ़ेंगे 50 वोट… SIR में छूटे वोटरों को ऐसे जोड़ेगी BJP, CM योगी खुद करेंगे मॉनिटरिंग – INA

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर बड़ा संगठनात्मक अभियान तैयार किया है. बीजेपी अब प्रदेश में छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाने के साथ-साथ नए वोटर बनाने के मिशन पर भी काम करेगी. इसके लिए पार्टी 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक एक महीने का ‘मतदाता जोड़ो अभियान-2026’ चलाएगी. पार्टी ने प्रदेश के सभी 1 लाख 73 हजार 730 मतदान केंद्रों पर करीब 86 लाख 86 हजार 500 नए मतदाताओं को जोड़ने की तैयारी है.

लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आज आयोजित प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक कार्यशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने अभियान की रणनीति पर चर्चा की. बैठक में सभी जिलाध्यक्षों और संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों को मतदाता सूची के पुनरीक्षण को गंभीरता से लेने और अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए.

योगी के 1.27 करोड़ वोटरों वाले दावे के बाद बीजेपी का अभियान

दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पंचायत और विधानसभा मतदाता सूचियों के बीच अंतर का मुद्दा उठाते हुए दावा किया था कि करीब 1 करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाताओं के नाम पंचायत की वोटर लिस्ट में हैं, लेकिन विधानसभा की मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं. इसके अलावा सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के नाम विधानसभा मतदाता सूची में नहीं होने का मुद्दा भी बीजेपी ने उठाया था.

अब पार्टी पंचायत मतदाता सूची, राशन कार्ड धारकों, सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों और दूसरी उपलब्ध सूचियों के जरिए ऐसे लोगों की पहचान करेगी, जिनका नाम विधानसभा की मतदाता सूची में दर्ज नहीं है. बीजेपी का अभियान केवल छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि नए युवा मतदाताओं और शादी के बाद दूसरी जगह आई महिलाओं को भी इसमें शामिल किया जाएगा.

17 नवंबर से 16 दिसंबर तक चलेगा अभियान

भारत निर्वाचन आयोग की ओर से उत्तर प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों की ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 17 नवंबर 2026 को प्रस्तावित है. इसके बाद 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक दावा-आपत्ति और पुनरीक्षण की प्रक्रिया चलेगी. बीजेपी इसी अवधि को अपने मतदाता जोड़ो अभियान के रूप में इस्तेमाल करेगी.

पार्टी ने अभियान को अलग-अलग चरणों में बांटा है, ताकि प्रदेश से लेकर जिला, विधानसभा और बूथ स्तर तक संगठन की जिम्मेदारी तय हो सके.

1. प्रदेश स्तरीय कार्यशाला- 13 नवंबर

लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई. इसमें बीएलए-1, क्षेत्र और जिला मतदाता सूची प्रमुख, आईटी संयोजक, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, क्षेत्र अध्यक्ष और मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों को शामिल किया गया. बैठक में अभियान की रूपरेखा और संगठन के अलग-अलग स्तरों की जिम्मेदारियों पर चर्चा हुई.

2. जिला स्तरीय बैठक- 16, 17 और 18 नवंबर

हर जिले में तैयारी बैठक आयोजित की जाएगी. इसमें जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, बीएलए-1, जिला मतदाता सूची प्रमुख, विधानसभा प्रभारी, विस्तारक, आईटी प्रमुख और मोर्चों के जिलाध्यक्ष शामिल होंगे. इन बैठकों में विधानसभा स्तर की बैठकों और बूथवार अभियान की रूपरेखा तैयार की जाएगी. जिला स्तर पर तय किया जाएगा कि किस पदाधिकारी को किस क्षेत्र और बूथ की जिम्मेदारी दी जाएगी.

3. विधानसभा स्तरीय बैठक- 19, 20 और 21 नवंबर

जिला बैठकों के बाद विधानसभा स्तर पर बैठकें होंगी. इनमें शक्ति केंद्रों के हिसाब से सभी बूथों पर अभियान चलाने की योजना बनाई जाएगी. इन बैठकों में सांसद, विधायक, एमएलसी, जिला पंचायत अध्यक्ष, मेयर, ब्लॉक प्रमुख, नगर पालिका और नगर पंचायत अध्यक्ष, पार्षद, मंडल अध्यक्ष तथा युवा और महिला मोर्चे के पदाधिकारी भी शामिल होंगे. बैठकों में मतदाता सूची के साथ फॉर्म-6 और फॉर्म-8 वितरित किए जाएंगे. कार्यकर्ताओं को इन फॉर्म को भरने और मतदाता सूची में नाम जुड़वाने तथा संशोधन की प्रक्रिया भी समझाई जाएगी.

4. विशेष मतदाता जोड़ो अभियान- 22, 23 और 24 नवंबर

इन तीन दिनों में पूरी पार्टी बूथ स्तर पर अभियान चलाएगी. विधानसभा स्तर की बैठकों के बाद शक्ति केंद्र प्रभारी, संयोजक, बूथ अध्यक्ष और बीएलए-2 मिलकर घर-घर संपर्क की योजना बनाएंगे. खास बात यह है कि 22 नवंबर को पार्टी का प्रत्येक पदाधिकारी किसी न किसी बूथ पर जाकर अभियान में शामिल होगा. जिलाध्यक्ष और जिला प्रभारी पदाधिकारियों को बूथ और विधानसभा आवंटित करेंगे. कार्यकर्ता मतदाता सूची लेकर घर-घर जाएंगे और ऐसे लोगों की पहचान करेंगे, जिनका नाम सूची में नहीं है. पात्र लोगों के नाम जुड़वाने के लिए आवेदन भी कराया जाएगा.

इन 8 श्रेणियों के मतदाताओं पर बीजेपी की नजर

बीजेपी ने मतदाता जोड़ो अभियान के तहत आठ श्रेणियों के लोगों की पहचान करने की रणनीति बनाई है. पार्टी का फोकस उन लोगों पर रहेगा, जो पात्र होने के बावजूद विधानसभा की मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं.

  1. नए युवा मतदाता: ऐसे युवा जिनकी उम्र 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष या उससे अधिक हो जाएगी.
  2. शादी के बाद दूसरी जगह आई महिलाएं: ऐसी महिलाएं जो शादी के बाद ससुराल में रह रही हैं, लेकिन नई जगह की मतदाता सूची में उनका नाम दर्ज नहीं है.
  3. पंचायत सूची में शामिल मतदाता: ऐसे लोग जिनका नाम ग्राम पंचायत की मतदाता सूची में है, लेकिन विधानसभा की वोटर लिस्ट में नहीं है.
  4. सरकारी योजनाओं के लाभार्थी: ऐसे लोग जिनका नाम सरकारी योजनाओं की लाभार्थी सूची में है, लेकिन विधानसभा मतदाता सूची में दर्ज नहीं है.
  5. राशन कार्ड धारक: ऐसे लोग जिनके पास राशन कार्ड है और उन्हें राशन भी मिल रहा है, लेकिन उनका नाम मतदाता सूची में नहीं है.
  6. अस्थायी रूप से बाहर रहने वाले लोग: ऐसे लोग जो काम या अन्य कारणों से कुछ समय के लिए बाहर चले गए और उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया.
  7. पंचायत सहायकों की मदद: पंचायत सहायकों से जानकारी और सहयोग लेकर छूटे हुए मतदाताओं की पहचान की जाएगी.
  8. कमल साथी ऐप: पंचायत और अन्य उपलब्ध सूचियों को बूथ और विधानसभा के अनुसार कमल साथी ऐप से डाउनलोड कर अभियान में इस्तेमाल किया जाएगा.

महिलाओं के लिए 28 से 30 नवंबर तक विशेष अभियान

बीजेपी ने महिला मतदाताओं को जोड़ने के लिए अलग से अभियान तैयार किया है. 28, 29 और 30 नवंबर को चलने वाले इस अभियान का संयोजन महिला मोर्चा करेगा, लेकिन इसमें पूरी पार्टी की भागीदारी रहेगी. पार्टी की सभी महिला पदाधिकारियों और महिला जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी.

इस अभियान में खास तौर पर शादी के बाद ससुराल आई उन महिलाओं पर फोकस रहेगा, जिनका नाम नई जगह की मतदाता सूची में दर्ज नहीं है. सामूहिक विवाह योजना की लाभार्थी महिलाओं को भी अभियान से जोड़ा जाएगा.

इसके अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहुओं, आजीविका मिशन, स्वयं सहायता समूहों और बीसी सखियों से संपर्क कर सहयोग लिया जाएगा. जिला स्तर पर बैठक करके मंडलवार योजना तैयार होगी. इसके बाद महिला कार्यकर्ता घर-घर जाकर पात्र महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने का अभियान चलाएंगी.

1 से 3 दिसंबर तक युवा मतदाता जोड़ो अभियान

युवाओं को मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए बीजेपी युवा मोर्चा के नेतृत्व में 1, 2 और 3 दिसंबर को विशेष अभियान चलाएगी. इसमें 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को विशेष रूप से लक्ष्य बनाया जाएगा. 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को भी मतदाता बनाने पर जोर रहेगा.

बीजेपी की नजर उन युवाओं पर भी है, जिन्होंने छात्रवृत्ति, टैबलेट, स्कूटी और दूसरी सरकारी योजनाओं का लाभ लिया है, लेकिन अभी तक मतदाता के रूप में पंजीकरण नहीं कराया है.

इसके लिए कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में कार्यक्रम और कैंप लगाए जाएंगे. युवा मोर्चा जिला स्तर पर बैठक करके प्रत्येक मंडल के लिए अभियान की योजना तैयार करेगा.

फॉर्म-6, 7 और 8 से जुड़ेगी मतदाता सूची

बीजेपी कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रक्रिया समझाने की तैयारी कर रही है. इसके लिए तीन प्रमुख फॉर्म का इस्तेमाल होगा.

  • फॉर्म-6 – नए मतदाताओं का नाम जोड़ने के लिए
  • फॉर्म-7 – मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए
  • फॉर्म-8 – पता बदलने, दूसरी विधानसभा में स्थानांतरण और नाम, उम्र, लिंग, पिता/पति के नाम या फोटो में संशोधन के लिए

13 दिसंबर को होगी अभियान की समीक्षा

बीजेपी ने अभियान की निगरानी के लिए भी विस्तृत व्यवस्था तैयार की है. प्रदेश कार्यालय से प्रतिदिन मॉनीटरिंग होगी और इसके लिए व्हाट्सऐप ग्रुप बनाया जाएगा. जिला स्तर से मंडल और मंडल स्तर से बूथ एवं शक्ति केंद्र तक अभियान की रिपोर्टिंग की जाएगी. प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की समीक्षा बैठक 13 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है. समीक्षा में सामने आने वाली कमियों को 14, 15 और 16 दिसंबर को पूरा करने की योजना है.

SIR के बहाने 2027 के बूथ मैनेजमेंट की तैयारी

इस पूरी कवायद में संगठन की ताकत, बूथ मैनेजमेंट और डिजिटल मॉनीटरिंग को एक साथ जोड़ा गया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लेकर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और दोनों डिप्टी सीएम समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की निगरानी में यह अभियान चलाया जाएगा. बीजेपी का पूरा फोकस अब प्रदेश के 1 लाख 73 हजार 730 बूथों पर है. हर बूथ से 50 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है. यानी करीब 86.86 लाख नए मतदाताओं को जोड़ने की तैयारी है. पार्टी ने SIR को अब सीधे 2027 के विधानसभा चुनाव के बूथ मैनेजमेंट से जोड़ दिया है. पंचायत वोटर लिस्ट, लाभार्थी डेटा, राशन कार्ड, महिला और युवा मतदाताओं को जोड़कर पार्टी एक बड़ा मतदाता नेटवर्क तैयार करना चाहती है.

हर बूथ पर बढ़ेंगे 50 वोट… SIR में छूटे वोटरों को ऐसे जोड़ेगी BJP, CM योगी खुद करेंगे मॉनिटरिंग


#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY

Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,

Back to top button