यमुना की सफाई के लिए उतरीं CM रेखा गुप्ता:जैकी श्रॉफ और ईशा गुप्ता ने भी संभाली कमान, नागरिकों से भी स्वच्छता की अपील की- INA NEWS

यमुना को स्वच्छ बनाने और राजधानी में सफाई के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए गुरुवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विशेष स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया। मुनक नहर पर आयोजित अभियान में बॉलीवुड अभिनेता जैकी श्रॉफ, अभिनेत्री ईशा गुप्ता और गायक बिस्मिल भी शामिल हुए। स्कूली बच्चों और स्वयंसेवकों ने भी सफाई अभियान में भाग लेकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह अभियान केवल मुनक नहर तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी दिल्ली और मां यमुना को स्वच्छ बनाने का संकल्प है। दिल्ली हमारी है और इसे साफ-सुथरा व हरा-भरा रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि त्योहारों और सांस्कृतिक आयोजनों को धूमधाम से मनाने के साथ आयोजन समाप्त होने के बाद संबंधित स्थलों की सफाई सुनिश्चित करना भी जरूरी है। सीएम ने कहा- स्वच्छता के लिए प्रयास जारी मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार स्वच्छता के लिए लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन जनभागीदारी के बिना अभियान को सफल नहीं बनाया जा सकता। स्कूली बच्चों और फिल्मी हस्तियों की भागीदारी से समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा। अभिनेता जैकी श्रॉफ ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए केवल बातें करने से काम नहीं चलेगा। हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, साफ पानी और हरियाली देना हमारी जिम्मेदारी है। अभिनेत्री ईशा गुप्ता ने लोगों, विशेषकर युवाओं और बच्चों से सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार का काम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। गायक बिस्मिल ने अभियान में दिल्ली सरकार, भामला फाउंडेशन और मॉडर्न स्कूल की भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि कचरे का सही निस्तारण और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखना हर दिल्लीवासी की जिम्मेदारी है।

Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |

Back to top button