Tach – Jio ने ग्राहकों को भेजा अलर्ट मैसेज, रिचार्ज खत्म होते ही बंद हो सकती हैं इनकमिंग कॉल

अगर आप Jio SIM का इस्तेमाल सिर्फ बैंक OTP, जरूरी कॉल और अकाउंट से जुड़े मैसेज पाने के लिए करते हैं और उस नंबर पर हर महीने रिचार्ज नहीं कराते, तो आपके लिए परेशानी बढ़ सकती है. अब तक रिचार्ज प्लान खत्म होने के बाद भी Jio यूजर्स को लंबे समय तक इनकमिंग कॉल की सुविधा मिलती रही है. लेकिन अब कंपनी इस व्यवस्था में बदलाव कर सकती है. कुछ ग्राहकों को भेजे गए SMS में चेतावनी दी गई है कि रिचार्ज नहीं कराने पर उनके नंबर पर इनकमिंग कॉल बंद हो सकती हैं.
इस बदलाव की जानकारी सबसे पहले टिप्स्टर अभिषेक यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर की. उन्होंने एक SMS का स्क्रीनशॉट पोस्ट किया, जो कथित तौर पर Jio की ओर से उन ग्राहकों को भेजा जा रहा है जिनका रिचार्ज प्लान खत्म हो चुका है.
JB-JIOURG-S सेंडर ID से आए इस मैसेज में बताया गया है कि ग्राहक का मौजूदा रिचार्ज खत्म हो गया है और किसी भी समय इनकमिंग कॉल आना बंद हो सकती हैं. मैसेज में कॉल की सुविधा जारी रखने के लिए तुरंत रिचार्ज कराने की सलाह भी दी गई है. इसके साथ Jio के रिचार्ज पेज का लिंक दिया गया है.
हालांकि, कंपनी ने इस मैसेज में यह साफ नहीं किया है कि इनकमिंग कॉल किस तारीख से बंद होंगी. इसमें ‘may’ यानी ‘हो सकती हैं’ शब्द का इस्तेमाल किया गया है. इससे यह भी स्पष्ट नहीं होता कि यह नियम सभी ग्राहकों पर कब से लागू होगा. मैसेज में इनकमिंग SMS बंद होने का भी कोई जिक्र नहीं है. फिलहाल Jio ने अपनी पॉलिसी में बदलाव को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है.
सेकेंडरी SIM रखने वालों पर पड़ेगा असर
Jio की एक खास बात यह रही है कि रिचार्ज खत्म होने के बाद भी ग्राहक लंबे समय तक इनकमिंग कॉल और SMS पा सकते थे. Airtel और Vi के मुकाबले यह सुविधा ज्यादा समय तक मिलती रही है. इसी वजह से कई लोग Jio SIM को बिना हर महीने रिचार्ज कराए सेकेंडरी नंबर के तौर पर इस्तेमाल करते हैं.
ऐसे नंबरों पर आमतौर पर बैंक OTP, UPI से जुड़े अलर्ट और जरूरी कॉल आते हैं. अगर कंपनी रिचार्ज खत्म होते ही इनकमिंग कॉल रोकना शुरू करती है, तो इन ग्राहकों को भी नंबर चालू रखने के लिए रिचार्ज कराना पड़ सकता है. इससे पहले भी लंबे समय तक बिना रिचार्ज इस्तेमाल नहीं किए गए Jio SIM पर कंपनी की कार्रवाई की खबरें सामने आई थीं.
बिना डेटा वाला रिचार्ज भी है विकल्प
जिन ग्राहकों को मोबाइल डेटा की जरूरत नहीं है और वे नंबर का इस्तेमाल मुख्य रूप से कॉलिंग के लिए करते हैं, उनके पास वॉयस-ओनली प्लान का विकल्प है. TRAI के निर्देशों के बाद Jio ने ऐसे रिचार्ज प्लान पेश किए हैं, जिनमें डेटा के बजाय कॉलिंग की सुविधा पर फोकस किया गया है.
हालांकि, जब तक Jio इनकमिंग कॉल से जुड़े नियमों पर आधिकारिक जानकारी नहीं देता, तब तक रिचार्ज खत्म होने के बाद भी कॉल आते रहने की गारंटी मानकर चलना ठीक नहीं होगा. बैंकिंग और दूसरे जरूरी कामों के लिए इस्तेमाल होने वाले नंबर पर एक्टिव प्लान रखना बेहतर रहेगा.
Source link