UP News: मेरा बुलडोजर से स्वागत न करें… सपा कार्यकर्ताओं से बोले अखिलेश, इंटरनेट ‘बंद’ को लेकर सरकार को भी घेरा – INA

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव का बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह नगर गोरखपुर में बुलडोजर से भव्य स्वागत किया गया. इसके बाद अखिलेश ने गोरखपुर एयरपोर्ट से चौरी चौरा तक 20 किलोमीटर लंबा ‘PDA रथ यात्रा’ रोड शो किया. चूंकि ‘बुलडोजर’ नाम आमतौर पर सीएम योगी से जुड़ा हुआ माना जाता है, ऐसे में अखिलेश यादव के ‘बुलडोजर स्वागत’ को लेकर एक नई चर्चा छिड़ गई है. इसपर अब अखिलेश का बयान भी आया है. उन्होंने कहा कि ‘मैं सपा के सभी लोगों से निवेदन करूंगा कि अब से बुलडोजर से स्वागत नहीं करें, हमारा बुलडोजर से स्वागत को लेकर किसी से कोई प्रतिस्पर्धा नहीं है’.

वहीं, सपा अध्यक्ष ने गोरखपुर में कथित तौर पर इंटरनेट सेवाएं बंद किए जाने को लेकर भी बीजेपी सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि सरकार अपने कामकाज पर उठ रहे सवालों से डर गई है, इसलिए ऐसा किया गया है. अखिलेश यादव ने अपने गोरखपुर दौरे के दौरान एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार के विकास संबंधी दावों पर भी सवाल उठाए.

इंटरनेट ‘बंद’ होने पर सरकार पर साधा निशाना

दरअसल, सपा प्रमुख के कार्यक्रम का यूट्यूब और फेसबुक समेत अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सीधा प्रसारण किया जा रहा था और इसी दौरान ऑनलाइन प्रसारण बाधित हो गया. इसके बाद सपा प्रमुख ने इंटरनेट सेवाओं के कथित निलंबन को लेकर सरकार को घेरा. उन्होंने कहा, ‘हम यहां लोगों को संबोधित कर रहे हैं और दूसरी तरफ विश्वगुरु बनने की आकांक्षा रखने वाले देश में इंटरनेट बंद कर दिया गया है. जैसे ही जवाबदेही तय करने की बात शुरू हुई, इंटरनेट बंद कर दिया गया’.

‘सरकार सवालों का सामना करने से बचना चाहती है’

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सवालों का सामना करने से बचना चाहती है और इसी डर से इंटरनेट सेवाएं बंद कराई गई हैं. अखिलेश ने आगे कहा, ‘जो लोग दावा करते हैं कि पिछली सरकारों के पास विकास का कोई एजेंडा नहीं था, उन्हें बताना चाहिए कि उत्तर प्रदेश में 26 हजार प्राथमिक स्कूल किसने बंद किए और पूरे प्रदेश में 27 हजार शराब की दुकानें किसने खुलवाईं. शायद यही उनका विकास का मॉडल है’.

अखिलेश के आरोपों पर बीजेपी का पलटवार

इस बीच बीजेपी के गोरखपुर क्षेत्रीय महामंत्री सत्येंद्र सिन्हा ने अखिलेश यादव के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि देश में लोकतंत्र है और हर किसी को रोड शो करने और कहीं भी जाने की स्वतंत्रता है. उन्होंने कहा, ‘उन्हें किसने बता दिया कि इंटरनेट बंद कर दिया गया है? विपक्ष में रहकर वह कोई भी बयान दे सकते हैं और राजनीति कर सकते हैं’.

ये भी पढ़ें: क्या अब भगवान कृष्ण का भी चंदा लूटने की तैयारी? सपा सांसद डिंपल यादव का बीजेपी पर पलटवार

मेरा बुलडोजर से स्वागत न करें… सपा कार्यकर्ताओं से बोले अखिलेश, इंटरनेट ‘बंद’ को लेकर सरकार को भी घेरा


#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY

Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,

Back to top button