यूपी – यूपी: मंत्री राजभर बोले, ‘अपनी जान बचाएं आजम, हिम्मत है तो अखिलेश से मुसलमान को सीएम बनाने के बारे में कहें’ – INA

सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद सपा नेता आजम खां जेल से रिहा होकर रामपुर पहुंच गए हैं। रामपुर में उन्होंने जनता से कहा कि 2027 का चुनाव इंकलाब होगा। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए यूपी सरकार के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि आजम खान पहले तो अपनी जान बचाएं। उन्होंने जिंदगी भर गुलामी की है।

उन्होंने कहा कि मैं आजम खान को चुनौती देता हूं कि अगर उनमें हिम्मत है तो अखिलेश यादव से यूपी का अगला मुख्यमंत्री किसी मुसलमान को घोषित करने की बात करें। अखिलेश यादव उन्हें पार्टी से निकालकर बाहर कर देंगे।

 

रामपुर पहुंचते ही दिखाएं पुराने तेवर: डासना जेल से रिहा होने के बाद बुधवार की रात को रामपुर पहुंचे सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां ने अपने पुराने तेवर दिखाए। उन्होंने देश की मौजूदा परिस्थितियों, सांविधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि अब यकीन हो गया है कि देश आजाद है, लेकिन संविधान कैद है। संविधान की आजादी के लिए सबको मिलकर आवाज उठानी होगी। उन्होंने दावा किया कि 2027 में चुनाव नहीं, इंकलाब होगा। यह लड़ाई धर्म और जाति के नाम पर नहीं, बल्कि मुद्दों पर लड़ी जाएगी। साथ ही साफ किया कि उनका मकसद किसी से बदला लेना नहीं, बल्कि न्याय की लड़ाई लड़ना है।

रामपुर में आवास के बाहर मीडिया से आजम ने कहा कि वह संविधान और कानून के लिए पहले भी मरने को तैयार थे, आज भी हैं और रहेंगे। देश में संविधान की रक्षा और उसकी गरिमा बनाए रखने की जरूरत है। सांविधानिक संस्थाओं की साख पर सवाल उठ रहे हैं। आज जिस तरह के कानून बनाए जा रहे हैं, उन पर गंभीरता से विचार होना चाहिए। संस्थाओं को अपना स्तर और विश्वसनीयता बचाकर रखनी चाहिए।

लोकसभा और विधान परिषद चुनाव परिणामों पर कहा कि जिन सीटों पर जीत मिली, वे भी उन्हें बेमानी लगीं। बच्चों के लिए स्कूल और विश्वविद्यालय खोलने वाला भी माफिया हो सकता है? उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर मुर्गी, बकरी और भैंस चोरी करने वाला व्यक्ति ईडी का मुल्जिम हो सकता है तो विश्वविद्यालय बनाने वाले को भी निशाना बनाया जा सकता है। 


Credit By Amar Ujala

Back to top button