UP News: गोरखपुर हादसे पर CM योगी का अखिलेश पर हमला, बोले- कार्रवाई ऐसी होगी कि पीढ़ियां याद रखेंगी – INA

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के रोड शो के दौरान 12 वर्षीय बच्चे की मौत को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है. योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी गुंडागर्दी और अराजकता का पर्याय है… माफिया और गुंडे उसके अपने हैं. उन्होंने कहा कि एक मासूम बच्चा पढ़ने आया था, लेकिन रोड शो के दौरान हुई अराजकता में उसकी जान चली गई. मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि आज शाम वह पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होगी, जिसे उनकी पीढ़ियां याद रखेंगी.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘उस 12-13 साल के मासूम की गलती क्या थी? जैसे कुत्ते की पूंछ सीधी नहीं हो सकती, उसी तरह ये गुंडे-माफिया कभी सीधे नहीं हो सकते.’ उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि सड़क पर अराजकता फैलाने वाले लोगों को ढूंढकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए. सीएम योगी ने कहा कि सड़कें अराजकता पैदा करने के लिए नहीं बनाई गई हैं.

सपा ने जनता को दगा दिया, शोषण किया

सीएम योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में वन माफिया और खनन माफिया सक्रिय थे. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा गुंडागर्दी और दंगों की पर्याय रही है. सपा ने जनता को धोखा दिया और उसका शोषण किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने गुंडागर्दी पर लगाम लगाई थी और अब एक बार फिर ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी है. उन्होंने आरोप लगाया कि गोरखपुर की घटना के बाद भी माफिया के संरक्षण में रहने वाले लोग मौन हैं और उनकी ओर से संवेदना का एक शब्द तक नहीं आया.

चलो अयोध्या से नामांकन कर लो, आमने-सामने हो जाए**

सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा, ‘चलो नामांकन कर लो अयोध्या से, आमने-सामने कर ही लिया जाए… हिम्मत नहीं है… कमजोर व्यक्ति सामने से नहीं, पीछे से वार करते हैं.’ उन्होंने राम के नाम को लेकर भी विपक्ष पर तंज कसा. सीएम योगी ने कहा, ‘भक्तों को राम अपने अच्छे दिनों में याद आते हैं और दुर्जनों के अंतिम समय में भी लोगों के मुंह से राम ही निकलता है, जैसे मारीच के मुंह से भी राम निकला था.’

ओवैसी पर भी टिप्पणी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हैदराबाद से आए एक मौलाना का जिक्र करते हुए कहा कि इन दिनों हैदराबाद के मौलाना मचल रहे हैं और ये सब उन्हीं के लोग हैं. उन्होंने कहा, ‘हैदराबाद को भाग्यलक्ष्मी पुरम की सौगात दे देंगे.’ इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा. योगी ने कहा कि जिन लोगों को अभी से गर्मी आ गई है और जो अराजकता पैदा करके जबरन जनता का वोट हासिल करना चाहते हैं, उन्हें उत्तर प्रदेश की जनता बार-बार खारिज कर रही है.

अखिलेश के रोड शो में कैसे हुई थी बच्चे की मौत?

बुधवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गोरखपुर में करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो किया था. इसी दौरान कूड़ाघाट इलाके में रोड शो में शामिल जेसीबी की चपेट में आने से 12 वर्षीय आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई. वह चौरीचौरा क्षेत्र के राजधानी गांव का रहने वाला था. उसके पिता ओंकार सिंह स्थानीय BJP नेता बताए गए हैं. परिजनों का आरोप है कि जिस जेसीबी से रोड शो के दौरान फूल बरसाए जा रहे थे, उसी की टक्कर से बच्चे की जान गई.

हादसे के बाद परिजनों और BJP कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर प्रदर्शन किया था. अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ. अखिलेश यादव ने हादसे पर कहा था कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है और रोड शो के लिए प्रशासन ने पर्याप्त इंतजाम नहीं किए थे. वहीं, पुलिस ने जेसीबी को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. मामले में पांच सपा नेताओं समेत 66 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.

गोरखपुर हादसे पर CM योगी का अखिलेश पर हमला, बोले- कार्रवाई ऐसी होगी कि पीढ़ियां याद रखेंगी


#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY

Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,

Back to top button