खबर शहर , गजब: शिक्षा भवन से निकला सामान, डीडीआर पहुंचते-पहुंचते हो गया चोरी; पहले दी तहरीर…फिर इसलिए ले ली वापस – INA

पंचकुइयां स्थित शिक्षा भवन से कार्यालयों का सामान शिफ्ट करने के बाद चोरी का मामला सामने आया है। खास बात यह है कि पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज परिसर शाहगंज में संचालित डीडीआर कार्यालय में रखा बाकी सामान ज्यों का त्यों है, जबकि शिक्षा भवन से शिफ्ट करके लाया गया सामान ही गायब मिला।

पंचकुइयां स्थित जर्जर शिक्षा भवन की पुरानी इमारत को तोड़कर नई इमारत का निर्माण होना है। जर्जर शिक्षा भवन में जेडी कार्यालय, डीईओएस कार्यालय, डीडीआर कार्यालय, संस्कृत पाठशाला, रमसा, डीआईओएस-2, वित्त एवं लेखाधिकारी मंडल व जिले के अन्य कार्यालय चलते थे। भवन निर्माण से पहले सभी कार्यालयों को पत्र लिखकर सामान शिफ्ट करने के लिए कहा गया था। सितंबर से पहले सामान शिफ्ट कर पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज परिसर शाहगंज के एक हॉल में रखने का दावा किया गया।

वर्तमान में उसी कक्ष में डीडीआर कार्यालय संचालित है। कार्यालय से सामान शिफ्ट करने का आदेश अगस्त-सिंतबर में जारी हुआ था। विभाग की ओर से संबंधित कार्यालय खाली किए जाने की लिखित जानकारी भी दी गई थी। इसके बाद सामान डीडीआर कार्यालय में रखवाया गया। सामान के मिलान में 1 बैटरी, 2 टाइपराइटर, नौ पंखे , एक तौलिया चोरी होने की बात कही जा रही है। वहीं, दो प्रिंटर भी गायब मिले। दूसरी ओर डीडीआर कार्यालय में रखा बाकी सामान सुरक्षित बताया जा रहा है। ऐसे में यह सवाल और गंभीर हो गया है कि शिक्षा भवन से डीडीआर कार्यालय तक पहुंचने के दौरान ही सामान गायब हुआ या शिफ्टिंग से पहले ही उसे कहीं और हटा दिया गया।

गेट का कुंडा टूटा देख चौकीदार ने बुलाई थी पुलिस

मामले में डीडीआर कार्यालय के गेट का कुंदा उखड़ा हुआ देख चौकीदार ने पुलिस बुलाई थी। उसके बाद कार्यालय के कर्मचारियों को बुलाया गया, जिसमें कर्मचारियों ने सामान चोरी होने की बात कही और आनन-फानन में 26 अक्टूबर को जीआईसी गर्ल्स के क्लर्क से ही थाने में तहरीर दिलवा दी। सामान चोरी होने के मामले में जीआईसी गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य किरन लता ने विरोध किया कि सामान क्या चोरी हुआ उन्हें जानकारी नहीं है। न ही क्या सामान डीडीआर कार्यालय में रखा है उसकी उनके पास रिसीविंग भी नहीं है। उसके बाद तहरीर वापस ले ली गई। फिर 12 नवंबर 2026 को संयुक्त शिक्षा निदेशक राकेश कुमार की ओर से चोरी के संदर्भ में तहरीर दी।

जेडी राकेश कुमार ने बताया कि चोरी होने के मामले में तहरीर दे दी गई है। सामान सिर्फ वहीं चोरी हुआ है, जो शिफ्ट होकर आया था, जिसमें 9 पुराने पंखे, 2 प्रिंटर चालू अवस्था में, 1 इनवर्टर बैटरी, 2 पुराने टाइप राइटर, एक कुर्सी की तौलिया है। 


Credit By Amar Ujala

Back to top button