अररिया एनएच-27 पर ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौतः अररिया में नगर थाने की पुलिस कर रही जांच, धान लेकर जा रहे थे

मिंटू राय संवाददाता अररिया

अररिया-पूर्णिया एनएच-27 पर मटियारी ओवरब्रिज के पास सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मदनपुर पूर्वी पंचायत वार्ड 7 के निवासी 50 साल के पुनियानंद सिंह के रूप में हुई है। घटना उस समय हुई जब पुनियानंद सिंह धान की खेप लेकर मदनपुर बाजार से पूर्णिया के गुलाबबाग मंडी में बिक्री के लिए जा रहे थे। मटियारी ओवरब्रिज से पहले ओवरलोडिंग के कारण ट्रैक्टर बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

स्थानीय लोग शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे। इसके बाद ट्रैक्टर के नीचे दबे चालक को निकाला गया। हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया। हादसे के कारण अररिया-पूर्णिया सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हो गया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर धान से लदे ट्रैक्टर को सड़क किनारे हटाया और यातायात बहाल किया।

मृतक के भांजे अमित कुमार ने बताया कि वे सुबह मदनपुर बाजार से धान लोड कर पूर्णिया के गुलाबबाग मंडी जा रहे थे। मृतक अपने पीछे चार बच्चों को छोड़ गए है। परिजनों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। इसपर नगर थाने की पुलिस ने आश्वासन दिया है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। वहीं मामले को लेकर नगर थाना के पुअनी कुमार ऋषिराज ने बताया कि ट्रैक्टर बेकाबू होकर पलट गया था। इसमें चालक की मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button