राष्ट्रीय सद्भावना समिति द्वारा 19वीं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का ऑडिशन संपन्न…140 बच्चों ने दिखाया अपना हुनर, गणतंत्र दिवस पर होगा फाइनल प्रदर्शन

दुद्धी। राष्ट्रीय सद्भावना समिति के तत्वावधान में बच्चों की 19वीं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का ऑडिशन रविवार को उत्सव वाटिका में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन कमल कुमार कानू और जितेंद्र अग्रहरी ने किया। उन्होंने जानकारी दी कि हर साल की तरह इस बार भी 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए यह सांस्कृतिक प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

प्रतियोगिता के लिए पिछले हफ्ते से फार्म वितरित किए गए थे, जिसमें कुल 140 बच्चों ने भागीदारी के लिए आवेदन किया। इनमें 80 बच्चों को एकल डांस और 10 टीमों को ग्रुप डांस के लिए चुना गया। ऑडिशन के दौरान डांस ग्रुप के मास्टरों को जज की भूमिका में रखा गया था।

ऑडिशन का सिलसिला सुबह शुरू होकर शाम 4 बजे तक चला। इस दौरान बच्चों ने अपनी प्रस्तुति से सभी का दिल जीता। कार्यक्रम में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता कमल भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। बच्चों के अभिभावकों और अन्य दर्शकों की भी अच्छी खासी संख्या मौजूद रही, जिन्होंने कार्यक्रम का उत्साहपूर्वक आनंद लिया।

आयोजकों ने बताया कि चयनित प्रतिभागी 19 जनवरी को फाइनल ऑडिशन देकर अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और राष्ट्रीय सद्भाव का संदेश देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button