भास्कर अपडेट्स:राजीव गांधी की 35वीं पुण्यतिथि; दिल्ली में कांग्रेस राहुल गांधी सहित नेताओं ने श्रद्धांजलि दी- INA NEWS

दिल्ली में गुरुवार को राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और मल्लिकार्जुन खड़गे सहित कई बड़े कांग्रेस नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को वीर भूमि में उनकी 35वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी। वे 1984 में भारत के सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री बने। 1991 में चुनाव प्रचार के दौरान, एलटीटीई (उग्रवादी संगठन) के एक आत्मघाती हमलावर ने उनकी हत्या कर दी थी। आज की अन्य बड़ी खबरें… दिल्ली के रोहिणी में दो नाबालिगों की चाकू मारकर हत्या; एक आरोपी हिरासत में रोहिणी में बुधवार शाम पुरानी रंजिश में दो गुटों के बीच झड़प में दो नाबालिगों की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। एक अन्य नाबालिग घायल है। पुलिस ने एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, सुल्तानपुरी के तीन नाबालिग सेक्टर-20 रोहिणी पहुंचे थे। उन्हें शक था कि इलाके का एक लड़का उनके साथी के हत्या आरोपियों को शरण दे रहा है। उस लड़के को नहीं मिलने पर उनका एक परिवार से विवाद हो गया। आरोप है कि तीनों ने एक महिला और उसके बेटे से मारपीट की। इसके बाद स्थानीय लोग उनके पीछे दौड़े। इसी दौरान गिरे चाकू से 14 साल के एक लड़के ने दो नाबालिगों पर हमला कर दिया। दोनों की अस्पताल में मौत हो गई। उधमपुर में हार्डवेयर दुकान में आग लगी, 8 से ज्यादा दमकल गाड़ियां और सेना की टीम मौके पर पहुंची जम्मू-कश्मीर के उधमपुर के चबूतरा बाजार स्थित एक हार्डवेयर दुकान की तीसरी मंजिल पर आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज की टीमें दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। आग पर काबू पाने के लिए 8 से ज्यादा फायर टेंडर लगाए गए हैं। भारतीय सेना की विशेष अग्निशमन टीमें भी अभियान में शामिल हैं। संयुक्त टीमों ने आग को पड़ोसी इमारतों तक फैलने से रोका। इबोला पर केंद्र की समीक्षा बैठक, भारत में अब तक कोई केस नहीं; अफ्रीका में 132 मौतें केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने बुधवार को सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्वास्थ्य सचिवों के साथ इबोला को लेकर समीक्षा बैठक की। केंद्र ने कहा कि भारत में अब तक इबोला का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन एहतियात के तौर पर निगरानी और तैयारियां बढ़ा दी गई हैं। राज्यों को एयरपोर्ट स्क्रीनिंग, क्वारंटीन, मरीजों के इलाज, रेफरल सिस्टम और लैब टेस्टिंग से जुड़े SOP पहले ही भेजे जा चुके हैं। केंद्र ने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है। WHO के मुताबिक, कांगो और युगांडा में 18 मई तक इबोला के 528 संदिग्ध मामले और 132 मौतें दर्ज की गई हैं। सुप्रीम कोर्ट बोला- आईसीयू के लिए न्यूनतम मानक तय हों; राज्यों से 2 महीने में कमियों की रिपोर्ट मांगी सुप्रीम कोर्ट ने देशभर में आईसीयू और क्रिटिकल केयर सेवाओं के लिए न्यूनतम मानक तय करने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने कहा कि देश की स्वास्थ्य व्यवस्था खस्ताहाल है और गुणवत्तापूर्ण इलाज के मुताबिक विकसित नहीं हो पाई है। जस्टिस अहसानुद्दीन अमानुल्लाह और आर महादेवन की बेंच ने आईसीयू के लिए तीन-स्तरीय मॉडल को मंजूरी देते हुए केंद्र और राज्यों को क्रिटिकल केयर सिस्टम मजबूत करने को कहा। कोर्ट ने कहा कि अनुच्छेद 21 के तहत जीवन के अधिकार में पर्याप्त क्रिटिकल केयर सुविधाएं भी शामिल हैं। राज्यों को 2 महीने में आईसीयू सुविधाओं की कमियों का आकलन कर रिपोर्ट देने को कहा गया है। कोर्ट ने आईसीयू बेड का सार्वजनिक डिस्प्ले, GPS ट्रैकिंग सिस्टम, टेली-आईसीयू नेटवर्क और वेंटिलेटर वाली एम्बुलेंस बढ़ाने जैसे निर्देश भी दिए हैं। अगली सुनवाई 13 अगस्त को होगी। केरलम में दूध ₹4 रुपए प्रति लीटर महंगा, 1 जून से नई दरें लागू केरलम को-ऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (मिल्मा) ने राज्य में दूध के दाम 4 रुपए प्रति लीटर बढ़ाने का फैसला किया है। नई दरें 1 जून से लागू होंगी। यह फैसला बुधवार को मिल्मा के निदेशक मंडल की बैठक में लिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, बढ़ी कीमत में से ₹3.35 प्रति लीटर सीधे डेयरी किसानों को दिए जाएंगे, ताकि बढ़ती उत्पादन लागत के बीच उनकी आय को सहारा मिल सके। मिल्मा ने पहले 4 से 6 रुपए प्रति लीटर तक कीमत बढ़ाने की मांग की थी। फेडरेशन के मुताबिक, सूखे की स्थिति, उत्पादन लागत में बढ़ोतरी और पड़ोसी राज्यों से खरीदे जा रहे दूध की ऊंची कीमतों की वजह से क्षेत्रीय यूनियनों को नुकसान हो रहा है।
Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |


