सीजी- सीजी: कोरबा में रिश्तों का खून! पारिवारिक विवाद में भतीजे ने फरसी से चाचा का गला रेता, मौके पर मौत; आरोपी फरार – INA

कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली खूनी वारदात सामने आई है। पनगांव में शनिवार की देर रात पारिवारिक विवाद में भतीजे ने अपने ही चाचा की धारदार हथियार फरसी से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि गांव में सन्नाटा और दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान गुलाब सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार रात गुलाब सिंह का अपनी मां से किसी पारिवारिक बात को लेकर कहासुनी हो रही थी। दादी और चाचा के बीच बहस होते देख भतीजा दुर्गेश कुमार अचानक आगबबूला हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दुर्गेश ने घर में रखी धारदार फरसी उठा ली और चाचा गुलाब सिंह पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी ने फरसी से चाचा के गले पर वार किया, जिससे गला कट गया और अधिक खून बहने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीण, खून से लथपथ शव देख सन्न
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे तो खून से लथपथ शव देखकर सन्न रह गए। देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना कोरबी चौकी पुलिस को दी।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम की तैयारी
सूचना मिलते ही कोरबी चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल को सुरक्षित कर फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने बारीकी से साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू की।
ये भी पढ़ें- ‘बीजेपी के नाराज फूफा हमारे संपर्क में’: बिलासपुर शिविर के समापन पर दीपक बैज का बड़ा बयान, सियासी हलचल तेज
फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी ने बताया कि हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। हत्या किन परिस्थितियों में हुई, इसके पीछे क्या कारण था, यह जांच का विषय है। फरार आरोपी दुर्गेश कुमार की तलाश के लिए पुलिस टीम रवाना की गई है। उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
एक ही परिवार में खूनी वारदात से गांव में हड़कंप
इस सनसनीखेज वारदात के बाद पनगांव में हड़कंप मचा हुआ है। एक ही परिवार में हुई इस खूनी वारदात से ग्रामीण स्तब्ध हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर . की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।