सीजी- CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में बारिश पर फिलहाल विराम, आज से बढ़ेगा तापमान; कई जिलों में हल्की बारिश के आसार – INA

छत्तीसगढ़ की राजधानी समेत प्रदेश में लगातार कई दिनों तक झमाझम बारिश के बाद मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। आज बुधवार से प्रदेश में बारिश की तीव्रता कम रहेगी। इसके साथ ही अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। राजधानी रायपुर में भी दो दिनों बाद धूप निकलने से लोगों को बारिश से कुछ राहत मिली है।

हालांकि प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने एक-दो स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पूर्वी मध्य प्रदेश के आसपास बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में . बढ़ रहा है और इसके कमजोर पड़ने की संभावना है। वहीं मानसूनी द्रोणिका उत्तर छत्तीसगढ़ से गुजर रही है, जबकि एक अन्य चक्रवाती प्रणाली अरब सागर से लेकर बांग्लादेश तक सक्रिय है। इन मौसम प्रणालियों के कारण कुछ इलाकों में हल्की बारिश जारी रह सकती है, लेकिन व्यापक और भारी वर्षा की संभावना फिलहाल कम हो गई है।

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा हुई, जबकि रायपुर में केवल हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली। इस दौरान दुर्ग में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजनांदगांव और पेंड्रा रोड सबसे ठंडे रहे, जहां न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

राजधानी रायपुर में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं गरज-चमक और हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने तेज हवा चलने की भी संभावना जताई है। शहर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।


Credit By Amar Ujala

Back to top button