Crime- फैक्टरी में घुसे हथियारबंद बदमा: गार्ड को बंधक बनाकर की लूट, ट्रांसफार्मर की कॉपर कॉइल समेत सामान चोरी -#INA

बहादुरगढ़ के सूर्या नगर स्थित आकाश इंटरनेशनल कंपनी में देर रात तीन से चार नकाबपोश बदमाशों ने सुरक्षा गार्ड को बंधक बनाकर फैक्टरी से कीमती सामान चोरी कर लिया। बदमाशों ने गार्ड को पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसके हाथ-पैर बांधकर कंपनी के कार्यालय की पहली मंजिल पर एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद आरोपी फैक्टरी से सामान लेकर फरार हो गए।

पुलिस को दी शिकायत में शक्ति नगर निवासी रमेश कुमार ने बताया कि वह पिछले छह-सात महीने से कंपनी में सुरक्षा गार्ड की नौकरी कर रहा है। उसकी ड्यूटी रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक थी। 6 नवंबर की रात वह गार्ड रूम से निकलकर फैक्टरी का चक्कर लगाने जा रहा था। इसी दौरान उसे कंपनी के अंदर तीन-चार युवक मुंह पर कपड़ा बांधे मिले। आरोपियों ने उसे पकड़कर बंधक बना लिया।

सुबह करीब 8 बजे दूसरा गार्ड बालेश्वर मौके पर पहुंचा और रमेश के हाथ-पैर खोले। जांच करने पर ट्रांसफार्मर की कॉपर कॉइल, दो इन्वर्टर बैटरियां, करीब 15-20 फीट कॉपर केबल और थ्रेड मशीन चोरी मिली। थाना सेक्टर-6 पुलिस ने शिकायत पर केस नंबर 253 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू कर दी है।

Credit By Amar Ujala

Back to top button