Tach – ज़ूम और बीबीसी समेत 178 कंपनियों पर खतरनाक साइबर अटैक.

Last Updated:
आपकी डिटेल्स, आपके पैसे चुराने के लिए इंटरनेट पर एक खतरनाक साइबर अटैक हुआ है. साइबर सिक्योरिटी रिसर्चर स्कॉट हेल्मे का दावा है कि जूम, बीबीसी और आइकिया समेत 178 बड़ी संस्थाओं की वेबसाइट्स को निशाना बनाया गया. दावा किया जा रहा है कि जो भी यूजर इन पर गया, उनके लिए मुश्किलें आने वाली थीं. हैकर्स का निशाना लोगों के आईफोन, क्रेडिट कार्ड और क्रिप्टो वॉलेट थे.
178 कंपनियों की वेबसाइट पर साइबर अटैक
इंटरनेट की दुनिया में एक बेहद खतरनाक साइबर अटैक का खुलासा हुआ है. इसकी चपेट में Zoom, CNN, BBC, HSBC, Salesforce और IKEA जैसी 178 बड़ी संस्थाओं की वेबसाइट्स आ गई हैं. हैकर्स का मकसद सिर्फ डेटा चुराना नहीं था. उनके निशाने पर लोगों के आईफोन, क्रेडिट कार्ड और उनके क्रिप्टो वॉलेट थे.
CNBC आवाज के मुताबिक- साइबर सिक्योरिटी रिसर्चर स्कॉट हेल्मे का कहना है कि हैकर्स ने इन कंपनियों के सर्वर पर सीधा हमला करने के बजाय एक बेहद शातिर तरीका अपनाया. उन्होंने Optimizely नाम के एक प्लेटफॉर्म को हैक किया. Optimizely एक ऐसा थर्ड-पार्टी टूल है जिसका इस्तेमाल ये तमाम बड़ी कंपनियां अपनी वेबसाइट की स्पीड और परफॉरमेंस सुधारने के लिए करती हैं. हैकर्स ने इसी प्लेटफॉर्म के जरिए एक जावास्क्रिप्ट कोड इन 178 वेबसाइट्स में प्लांट कर दिया. नतीजा यह हुआ कि जो भी यूजर इन साइट्स पर विजिट कर रहा था, वह अनजाने में इस खतरनाक कोड का शिकार बन रहा था.
क्या चुराने की थी कोशिश
- हैकर्स ने कोड को कुछ इस तरह डिजाइन किया था कि यूजर की डिवाइस और पैसों को नुकसान पहुंचे. आपके क्रिप्टो वॉलेट में सेंधमारी की कोशिश थी. अगर कोई यूजर वेबसाइट पर क्रिप्टोकरेंसी में पेमेंट करता तो यह कोड गुपचुप तरीके से रिसीवर का वॉलेट एड्रेस बदलकर हैकर्स का एड्रेस डाल देता. यानी आपका पैसा सीधे हैकर के खाते में.
- पेमेंट के दौरान दर्ज किए जा रहे क्रेडिट कार्ड नंबर चुराना और ब्राउजर कुकीज के जरिए यूजर के ऑनलाइन अकाउंट्स का एक्सेस हासिल करना. यूजर की स्क्रीन पर क्या चल रहा है उसकी तस्वीरें लेकर हैकर्स तक पहुंचाने का भी इरादा था.
- iPhone पर सीधा हमला इनके प्लान में था. कोड में खास तौर पर एप्पल डिवाइस को निशाना बनाने वाला एक्सप्लॉइट शामिल था, ताकि आईफोन यूजर्स को आसानी से हैक किया जा सके.
कंपनियों में मची खलबली
साइबर सिक्योरिटी कंपनी HudsonRock ने भी इस मालवेयर कोड के सबूत मिलने की पुष्टि की है. इस खुलासे के बाद हड़कंप मच गया है. दिग्गज सॉफ्टवेयर कंपनी Salesforce ने माना है कि वह Optimizely स्क्रिप्ट में हुए इस बदलाव की जांच कर रही है और खतरे को देखते हुए फिलहाल प्रभावित स्क्रिप्ट को बंद कर दिया गया है. रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि इस मालवेयर के जरिए हैकर्स असल में कितने यूजर्स का डेटा चुराने या कितने डिवाइस हैक करने में कामयाब रहे हैं. लेकिन इस घटना ने पूरी टेक इंडस्ट्री को एक कड़ा सबक दिया है- वेबसाइट कितनी भी बड़ी क्यों न हो, अगर उसमें लगे थर्ड-पार्टी टूल्स सुरक्षित नहीं हैं, तो कोई भी यूजर सुरक्षित नहीं है.
About the Author
ज्ञानेंद्र कुमार मिश्रा हिंदी पत्रकारिता का एक जाना-पहचाना नाम हैं. उन्हें मीडिया में करीब 20 साल का एक्सपीरियंस है. वर्तमान में वह News18 हिंदी के साथ डिप्टी न्यूज एडिटर के तौर पर जुड़े हैं …
और पढ़ें
Source link