यूपी – कानपुर की इंक फैक्टरी में भीषण आग: 20 से ज्यादा केमिकल ड्रमों के धमाकों से दहला रूमा, आग की लपटें देख सहमे लोग – INA

महाराजपुर के रूमा यूपीएसआईडीसी स्थित इंक फैक्टरी में मंगलवार रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी विकराल थी कि फैक्टरी में रखे 20 से अधिक केमिकल ड्रम एक के बाद एक तेज धमाकों के साथ फटने लगे। धमाकों की आवाज से आसपास के गांव दहल उठे और लोगों में अफरातफरी मच गई। करीब 100 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं, जबकि काले धुएं का गुबार तीन किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। हालात बेकाबू होते देख पुलिस-प्रशासन ने फैक्टरी के एक किलोमीटर के दायरे को खाली करा लिया। आसपास के गांवों से लोगों को बाहर निकाला गया, वहीं पास स्थित केआईटी के हॉस्टल को भी खाली करा दिया गया। आसपास की फैक्टरियों में काम बंद कराकर कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया। दमकल की दो दर्जन से अधिक गाड़ियां, एसडीआरएफ और पीएसी की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं। रात 12 बजे तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका था। फैक्टरी में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका है।